Barabanki News: बाराबंकी के देवा दरगाह पार्किंग में अवैध वसूली की जांच, निरीक्षण में पानी की टंकी परिसर में मिले वाहन

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

बाराबंकी, अमृत विचार। विश्व प्रसिद्ध हजरत वारिस अली शाह की दरगाह पर श्रद्धालुओं से कथित अवैध पार्किंग शुल्क वसूली और पार्किंग ठेकेदार की मनमानी की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया। मंगलवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय टीम ने मजार रोड स्थित पार्किंग स्थल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच की।

पानी की टंकी परिसर में मिले वाहन

निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार अभिषेक चक्रवर्ती, देवा इंस्पेक्टर आलोक मणि त्रिपाठी और नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी संध्या मिश्रा ने पार्किंग स्थल का जायजा लिया। जांच में परिसर के पास स्थित जर्जर पानी की टंकी क्षेत्र में बड़ी संख्या में वाहन खड़े मिले। वहीं, मौके पर प्रसाद का एक ठेला भी संचालित होता पाया गया।

नियमों के उल्लंघन की शिकायतें

नगर पंचायत की नियमावली के अनुसार मंगलवार और शनिवार को श्रद्धालुओं से पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाता है। साथ ही अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई का भी प्रावधान है। इसके बावजूद लगातार अवैध वसूली और अनियमितताओं की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। उल्लेखनीय है कि पार्किंग का ठेका 84 लाख 75 हजार रुपये में आवंटित किया गया है।

रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

नायब तहसीलदार अभिषेक चक्रवर्ती ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिले सभी तथ्यों को संकलित कर विस्तृत रिपोर्ट संयुक्त मजिस्ट्रेट को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Barabanki News: बाराबंकी में मरघट की जमीन पर बन रही मजार का निर्माण हटाया, जेसीबी से ध्वस्त किए पिलर

संबंधित समाचार