Barabanki News: बाराबंकी में मासूम की मौत के बाद झोलाछाप डॉक्टर पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, पुलिस को भेजी तहरीर

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

बाराबंकी, अमृत विचार। हैदरगढ़ में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के दौरान मासूम की मौत के मामले में भले ही परिजनों ने अपनी शिकायत वापस ले ली हो, लेकिन स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई के मूड में है। विभाग ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ तहरीर तैयार कर पुलिस को भेज दी है। अब आगे की कार्रवाई पुलिस के स्तर पर की जाएगी।

जांच में नहीं मिले वैध दस्तावेज

रविवार को कोतवाली क्षेत्र के ठाकुरद्वारा मोहल्ले में संचालित एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान हसनैन नामक मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। आरोप है कि इंजेक्शन की अधिक मात्रा दिए जाने से बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। इस दौरान तीन अन्य बच्चे भी गंभीर रूप से बीमार हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने क्लीनिक संचालक बृजमोहन को हिरासत में लिया था। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त जांच में क्लीनिक संचालन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। साथ ही क्लीनिक के बाहर कोई बोर्ड भी नहीं लगा था।

सीएमओ की ओर से भेजी गई तहरीर

सोमवार को मृतक बच्चे के पिता ने पुलिस कार्रवाई से इनकार करते हुए शिकायत वापस ले ली। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई जारी रखी। एसीएमओ डॉ. एल.बी. गुप्ता ने बताया कि सीएमओ के हस्ताक्षर से तहरीर डाक के माध्यम से हैदरगढ़ कोतवाली भेज दी गई है। उनका कहना है कि अवैध क्लीनिक और मासूम की मौत से जुड़े इस मामले में विभाग अपनी कार्रवाई हर हाल में करेगा। वहीं, प्रभारी कोतवाल शैलेंद्र यादव ने कहा कि तहरीर मिलने की पुष्टि कोतवाली पहुंचने के बाद की जाएगी।

यह भी पढ़ें: बाराबंकी में तटबंध किनारे मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

संबंधित समाचार