Amethi News: शादी में डांस को लेकर भड़का विवाद, दो परिवारों की झड़प में एक की मौत
अमेठीः अमेठी जिले के कमरौली क्षेत्र में शादी से जुड़े एक समारोह (रिसेप्शन) के दौरान नाचने को लेकर दो परिवारों के बीच हुई झड़प में 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार देर रात कमरौली थाना क्षेत्र के बरसंडा गांव में हुई। उसने बताया कि रिसेप्शन के दौरान कुछ युवकों के बीच नाचने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दो परिवार आमने-सामने आ गए।
पुलिस ने बताया कि झड़प के दौरान ओम प्रकाश चौहान (45) के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उसने बताया कि घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।
