Bareilly News : पी कुमार स्वीट्स हाउस में भीषण आग, लाखों का सामान राख

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप, दो घंटे की माशक्कत के बाद पाया काबू

बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में एयर फोर्स गेट के पास स्थित पी कुमार स्वीट्स हाउस में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बुझाने में आधा दर्जन दमकलों दो घंटों मशक्कत करनी पड़ी। दुकान में रखा एलपीजी सिलेंडर फटने से तेज धमाका भी हुआ, जिससे पूरा इलाका दहशत में आ गया।

बैरियर-1 चौकी क्षेत्र में एयर फोर्स गेट के समीप स्थित पी कुमार स्वीट्स हाउस में रात करीब दो बजे अचानक आग भड़क उठी। उस समय पूरा बाजार बंद था और अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे। आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और दुकान मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकान संचालक मौके पर पहुंच गए। अपनी दुकान को आग की लपटों में घिरा देख वह बदहवास हो गए।

सूचना मिलने पर सबसे पहले एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त गाड़ियां बुलानी पड़ीं। दुकान में एलपीजी सिलेंडर रखे होने के कारण आग की चपेट में आने से एक सिलेंडर फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। इसके बाद आधा दर्जन दमकल गाड़ियों ने मोर्चा संभाला और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के समय दुकान पर बाहर से ताला लगा हुआ था। आग किन कारणों से लगी, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। एफएसओ ने बताया कि टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

संबंधित समाचार