Ayodhya News : 11 संत-महंतों ने शेषावतार मंदिर पर किया धर्म ध्वज का आरोहण, चार हजार रामभक्त कार्यक्रम के बने साक्षी
वैदिक मित्रों के बीच विधीविधान से हुआ पूजन, चार हजार रामभक्त कार्यक्रम के बने साक्षी
अयोध्या, अमृत विचार। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र द्वारा शेषावतार मंदिर शिखर पर पूर्व निर्धारित ध्वजारोहण कार्यक्रम मंगलवार शाम श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ। अयोध्या महानगर एवं ग्रामीण के लगभग चार हजार रामभक्त कार्यक्रम के साक्षी बने। धर्मनगरी के पूज्य 11 संत-महंतों ने अपने कर-कमलों से पूजित ध्वज मंदिर शिखर पर आरोहित किया। विवादों के बीच समारोह में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय व सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।
राम कचहरी आश्रम के महंत शशिकांत दास महाराज, ब्रह्म कुंड गुरुद्वारा के ज्ञानी गुरजीत सिंह, श्री राम कुंज के महंत रामानंद दास, जगद्गुरु रामदिनेशाचार्य, ट्रस्ट के सदस्य व निर्मोही अखाड़ा के महंत दिनेंद्र दास, हनुमानगढ़ी के महंत रामकुमार दास, सीताकांत सदन के महंत रामानुज दास, फकीरे राम मंदिर के महंत रघुबीरशरण, श्री राम वल्लभा कुंज के अधिकारी राजकुमार दास, डांडिया मंदिर के महंत गिरीश दास व बड़े भक्तमाल के महंत अवधेश दास शास्त्री ने ध्वज पूजन कर ध्वज आरोहित कराया।
वहीं, समारोह में राजधानी लखनऊ में घटित हृदय विदारक अग्निकांड में मृतकों की आत्मा की शांति व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रभु श्रीरामलला के श्री चरणों में प्रार्थना की गई। साथ ही दुखी परिवारीजनों, संबंधियों, मित्रों को धैर्य व साहस प्रदान करने की प्रभु से कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान संग्रहालय के लिए श्रीराम से संबंधित प्राचीन पांडुलिपि भी ट्रस्ट के पदाधिकारी को सौंपी गई।
लखनऊ अग्निकांड के चलते नहीं पहुंच पाए दोनों डिप्टी सीएम
समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य व ब्रजेश पाठक को ध्वज आरोहण के लिए आमंत्रित किया गया था। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने अग्निकांड के प्रति दायित्वबोध के कारण लखनऊ में ही रहने के दोनों उप मुख्यमंत्रियों के निर्णय की सराहना की। समारोह के अंत में सभी आमंत्रित अतिथियों को अल्पाहार व प्रसाद का वितरण किया गया। उपस्थित सभी भक्तों ने श्रीरामलला, श्रीराम परिवार मंदिरों के साथ परकोटा सहित अन्य मंदिरों के भी दर्शन-पूजन किए।
इस दौरान अयोध्या नगर के कुमारगंज निवासी जंगबहादुर सिंह ने लगभग 300 सौ साल पुरानी राम से संबंधित आध्यात्मिक ग्रंथ अंतरराष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय के लिए संत चरण के हाथों में सौंपी। कार्यक्रम में गोपाल जी, रामशंकर, धनंजय पाठक, वीरेंद्र वर्मा, कारसेवकपुरम प्रभारी शिवदास सिंह, धीरेश्वर वर्मा, संजीव सिंह, आदित्य जी मौजूद रहे।
