Barabanki News: जुलाई में चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान, डीएम ने कहा- आशा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचाएंगी स्वास्थ्य जानकारी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। आगामी जुलाई माह में संचालित होने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की तैयारियों की समीक्षा जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को क्षेत्रीय भ्रमण बढ़ाने, रोग नियंत्रण गतिविधियों की नियमित निगरानी तथा जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा। वहीं जिला पंचायत राज विभाग और नगर निकायों को सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने, नालियों की नियमित सफाई, जलभराव वाले स्थलों की पहचान तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को अभियान के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए जलभराव और गंदगी पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है। इसके लिए जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी लार्वा दवा एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार समेत संबंधित विभागों को जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने को कहा गया।

बैठक में बताया गया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 31 जुलाई 2026 तथा दस्तक अभियान 11 से 31 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा। डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने तथा आशा कार्यकर्त्रियों को घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए।

बैठक में सीडीओ अन्ना सुदन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी रंजन गौतम, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डिप्टी सीएमओ, जिला मलेरिया अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार