Barabanki News : जल जीवन मिशन की समीक्षा में मिली खामियां, डीएम ने जताई नाराजगी
संबंधित एई को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश
डीएम ने कहा कि जिन परियोजनाओं में 80 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, वहां नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों का गुणवत्तापूर्ण रेस्टोरेशन कराया जाए।
बाराबंकी, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में 80 प्रतिशत से अधिक प्रगति दर्शाने वाली 294 परियोजनाओं की परियोजनावार समीक्षा की गई।
खंड विकास अधिकारियों की स्थलीय सत्यापन रिपोर्टों के परीक्षण में कई परियोजनाओं में विभागीय प्रगति रिपोर्ट और वास्तविक स्थिति में अंतर पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि अगली समीक्षा से पहले सभी कमियां दूर की जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विकासखंड फतेहपुर के ग्राम अचैचा में कार्यपूर्णता रिपोर्ट और स्थलीय सत्यापन में अंतर मिलने तथा पेयजल आपूर्ति संतोषजनक न होने पर संबंधित सहायक अभियंता (एई) को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन परियोजनाओं में विभागीय दावों और जमीनी स्थिति में अंतर मिला है, उनकी सत्यापन रिपोर्ट तलब की गई है।
जानिए क्या बोले डीएम...
डीएम ने कहा कि जिन परियोजनाओं में 80 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, वहां नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों का गुणवत्तापूर्ण रेस्टोरेशन कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क को कार्य से पूर्व की स्थिति के अनुरूप पुनर्स्थापित करना अनिवार्य है। उन्होंने यह भी कहा कि ब्लॉक और तहसील स्तर के अधिकारी नियमित औचक निरीक्षण करेंगे तथा लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में डीडीओ भूषण कुमार, जल निगम (ग्रामीण) के अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
