Barabanki News : अंतिम बड़े मंगल पर हनुमान मंदिरों में हुआ सुंदरकांड का पाठ, शहर से गांव तक बंटा भंडारा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। ज्येष्ठ माह के आठवें एवं अंतिम बड़े मंगल पर भीषण गर्मी और उमस के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था चरम पर रही। सुबह से रात तक हनुमान मंदिरों और घरों में हनुमान चालीसा व सुंदरकांड का पाठ, पूजा-अर्चना और भोग के कार्यक्रम आयोजित हुए। इसके बाद शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों में जगह-जगह लगे भंडारों में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

सफेदाबाद, असेनी मोड़, रामनगर तिराहा और धनोखर हनुमान मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर सब्जी-पूड़ी, छोला-चावल, कढ़ी-चावल, हलुआ, बूंदी और शरबत का प्रसाद वितरित किया गया। धनोखर हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजन-आरती के बाद भक्तों में प्रसाद बांटा गया। देवा रोड स्थित अमर विला परिसर में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष पी. मो. पंकज गुप्ता ‘पंकी’ के संयोजन में आयोजित भंडारे में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।

cats

वहीं रामजीत कॉम्प्लेक्स स्थित कल्याणेश्वर मंदिर और अशोक विहार कॉलोनी में पवन सिंह एवं रामवृक्ष यादव पहलवान द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। जिलाधिकारी आवास के सामने बिंद्रा स्वीट्स द्वारा आयोजित भंडारा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां छोले-चावल, कढ़ी-चावल, पनीर-चावल, मसाला डोसा, बर्गर, खीर और लस्सी सहित विविध प्रसाद की व्यवस्था की गई।

भंडारे से पूर्व पतंजलि पीठ के अभिषेक देव जी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हनुमान जी का पूजन कराया। आयोजन में बबलू यादव, राजू यादव और उनकी टीम सक्रिय रही। मुख्य अतिथि पूर्व सपा एमएलसी राजेश यादव ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। वहीं ग्रामीण अंचल की बात करें तो रामसनेहीघाट क्षेत्र के भिटरिया स्थित उदय सिंह के प्रतिष्ठान एवं छोटी हनुमानगढ़ी परिसर में आयोजित सुंदरकांड पाठ और भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

cats

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव, एसडीएम अनुराग सिंह, अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार चौधरी, दरियाबाद ईओ शीलू अवस्थी, नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी व मंत्री प्रतिनिधि प्रदीप द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। ग्राम पूरेचूरई कोटवा स्थित नव निर्मित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में चौधरी विशाल सिंह के नेतृत्व में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न हुआ, जिसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

हैदरगढ़ के शीतला माता मंदिर में नगर पंचायत अध्यक्ष आलोक तिवारी द्वारा सुंदरकांड, हवन-पूजन एवं भंडारे का आयोजन किया गया। समाजसेवी सिद्धार्थ अवस्थी, बार एसोसिएशन अध्यक्ष अचल कुमार मिश्रा, वरिष्ठ अधिवक्ता कमलेश बक्स सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रामनगर क्षेत्र में लोधेश्वर महादेवा मेला मैदान, बुढ़वल चौराहा, अमोली कीरतपुर, सीहामऊ और भवानीगंज सहित कई स्थानों पर भंडारे एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित हुए।

cats

वहीं सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मातन मंदिर बदोसराय में हनुमान जी की पूजा-अर्चना के बाद पूड़ी, सब्जी और बूंदी का प्रसाद बांटा गया। वहीं सीएचसी सिरौलीगौसपुर में मेडिकल ऑफिसर डॉ. देव प्रताप सिंह द्वारा आयोजित भंडारे में विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह सहित अनेक लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

cats

कोटवाधाम में संजीव सिंह टाइगर एवं रामू रावत के आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। इसके अलावा मरकामऊ, बदोसराय, सैदनपुर और सिरौली समेत क्षेत्र के कई स्थानों पर भंडारों का आयोजन कर प्रसाद वितरण किया गया।

संबंधित समाचार