कम खर्च में घूमिए अयोध्या, नैमिषारण्य और चित्रकूट, 'Visit My State' के तहत बुकिंग शुरू; जानें रूट और किराया
-हर वीकेंड श्रद्धालुओं को मिलेगा धार्मिक यात्रा का अवसर, - अयोध्या, नैमिषारण्य, चित्रकूट और विंध्याचल धाम के लिए किफायती सेवाएं, वरिष्ठ नागरिकों को विशेष रियायत - UPSTDC ने 'Visit My State' अभियान के तहत कराएगा धार्मिक यात्रा
लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई रफ्तार देने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उप्र. राज्य पर्यटन विकास निगम उप्र. राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने “विजिट माय स्टेट” अभियान के तहत पांच नियमित वीकेंड धार्मिक टूर पैकेज शुरू किए हैं। इन सेवाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं को कम खर्च में सुगम और सुव्यवस्थित तीर्थ यात्रा उपलब्ध कराना है।अब श्रद्धालु प्रत्येक शुक्रवार, शनिवार और रविवार को अयोध्या, नैमिषारण्य, चित्रकूट और विंध्याचल धाम की यात्रा कर सकेंगे।
लखनऊ से अब श्रद्धालु हर सप्ताह अयोध्या और नैमिषारण्य की एक दिवसीय यात्रा कर सकेंगे। अयोध्या यात्रा (शनिवार व रविवार) में अयोध्या के राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और सरयू रिवर फ्रंट जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। इसका शुल्क वरिष्ठ नागरिकों के लिए ₹1500 और अन्य यात्रियों के लिए ₹2000 निर्धारित किया गया है। वहीं, नैमिषारण्य यात्रा (शुक्रवार) में नगर के चक्रतीर्थ, व्यास गद्दी, दधीचि कुंड और ललिता देवी मंदिर सहित प्रमुख तीर्थ स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, जिसका शुल्क ₹1000 से ₹1700 तक रखा गया है।
प्रयागराज से भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष वीकेंड टूर शुरू किए गए हैं। प्रत्येक शनिवार को चित्रकूट यात्रा में गुप्त गोदावरी, कामतानाथ मंदिर और हनुमान धारा के दर्शन शामिल हैं, जिसका शुल्क ₹1000 है। शुक्रवार को विंध्याचल धाम यात्रा में मां विंध्यवासिनी, अष्टभुजा और काली खोह मंदिरों के दर्शन कराए जाएंगे, जिसकी कीमत मात्र ₹600 रखी गई है। इसके अलावा रविवार को अयोध्या यात्रा भी संचालित होगी, जिसमें प्रमुख मंदिरों के दर्शन शामिल हैं और शुल्क ₹1000 निर्धारित किया गया है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी बुकिंग
निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए बुकिंग प्रक्रिया को सरल बनाते हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प उपलब्ध कराए हैं। विशेष बात यह है कि केवल दो यात्रियों की बुकिंग पर भी यात्रा संचालित की जाएगी। सभी पैकेजों में परिवहन, स्थानीय गाइड, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल होंगी।
