Barabanki News: बाराबंकी में युवक की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष ने पीट-पीटकर हत्या का लगाया आरोप
देवा, बाराबंकी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रोशन तकिया में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के बाद ससुराल पक्ष ने युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अचानक बिगड़ी थी तबीयत
गांव निवासी गुड्डू का बेटा शमीम साईं मंगलवार सुबह अचानक बीमार पड़ गया। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही ससुराल पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए।
मारपीट का लगाया आरोप
बताया जा रहा है कि घटना से पहले घर में मृतक की दो बहनों के बीच विवाद चल रहा था। ससुराल पक्ष का आरोप है कि शमीम के बड़े पिता फकरे आलम ने मंगलवार सुबह रेगुलेटर से उसकी जमकर पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की, लेकिन कोई स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकल सका। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
