Bareilly News : महिला डेयरी किसानों की सफलता से प्रभावित हुए प्रमुख सचिव
फरीदपुर में निरीक्षण के दौरान सृजनी मिल्क प्रोड्यूसर संस्था को सराहा
बरेली, अमृत विचार। प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास एवं जिले के नोडल अधिकारी सौरभ बाबू ने मंगलवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत तहसील फरीदपुर में बने सृजनी मिल्क प्रोड्यूसर संस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने डेयरी संचालन, दुग्ध संग्रहण एवं प्रोसेसिंग व्यवस्थाओं की जानकारी ली। ग्राम बसावनपुर में स्थापित मिल्क कूलिंग प्वाइंट का भी जायजा लिया। इस दौरान महिला किसानों से संवाद कर डेयरी व्यवसाय से होने वाली आय की हकीकत जानी।
महिला पशुपालकों ने बताया कि कंपनी की ओर से दूध का नियमित भुगतान समय पर किया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं। प्रमुख सचिव ने महिला किसानों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें पशु ऋण लेकर डेयरी व्यवसाय का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी से दुग्ध व्यवसाय को एक नई दिशा मिल रही है।अधिकारियों ने बताया कि सृजनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी वर्तमान में 8 जनपदों में सक्रिय है। 9 मिल्क चिलिंग सेंटरों के माध्यम से 63,445 महिला किसानों से प्रतिदिन करीब 2.30 लाख लीटर दूध एकत्रित कर प्रोसेसिंग यूनिट तक भेजा जा रहा है। सीडीओ देवयानी, डीडीओ दिनेश कुमार, एक्सईएन विनय कुमार, डीसी एनआरएलएम योगेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
समीक्षा बैठक में डीसी एनआरएलएम पर जताई नाराजगी
नोडल अधिकारी सौरभ बाबू ने दोपहर करीब दो बजे विकास भवन सभागार में ग्राम्य विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक की। विकासखंडवार समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित स्वयं सहायता समूहों के भुगतान आदि की धीमी प्रगति देखकर डीसी एनआरएलएम की कार्यप्रणाली और ढुलमुल रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने डीसी एनआरएलएम को ब्लॉकवार क्लस्टर की मॉनिटरिंग बढ़ाने और तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीडीओ देवयानी, डीडीओ दिनेश कुमार सहित, पीडी डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे
