Lucknow Fire Tragedy : "दोषियों को नहीं बख्शेंगे", डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का बड़ा बयान, हाई लेवल जांच के आदेश
लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड पर सरकार सख्त, घायलों के इलाज से लेकर दोषियों पर कार्रवाई तक दिए गए निर्देश
Lucknow Fire News: लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग संस्थान और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार एक्शन मोड में आ गई है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने साफ कहा है कि हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं और प्रशासन से तत्काल रिपोर्ट मांगी गई है।
ब्रजेश पाठक ने बताया कि हादसे में घायल एक व्यक्ति का ऑपरेशन चल रहा है। इमारत से गिरने के कारण उसके पेट में गंभीर चोट आई है। बाकी सभी घायल खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया जा रहा है। सरकार ने सभी घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की है।

रात में ही होंगे पोस्टमार्टम, बनाई गई विशेष टीम
डिप्टी सीएम ने बताया कि मृतकों के पोस्टमार्टम में किसी तरह की देरी न हो, इसके लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। सभी आवश्यक प्रक्रियाएं रात में ही पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पीड़ित परिवारों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
"यह हादसा हमें हमेशा याद रहेगा"
ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना है। इससे सबक लेते हुए सरकार सभी कोचिंग सेंटरों, स्कूलों, संस्थानों और भीड़भाड़ वाले भवनों में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि जहां बच्चों की आवाजाही अधिक रहती है, वहां वैकल्पिक निकास मार्ग और अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने घायलों से की मुलाकात
डिप्टी सीएम के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल ले चुके हैं। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी घटना की जानकारी मिलने के बाद लखनऊ पहुंच रहे हैं।
प्रभावित परिवारों को मिलेगा न्याय
ब्रजेश पाठक ने कहा, "पूरी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"
