UP CATTET 2026: अयोध्या के तीन केंद्रों पर आज होगी यूपी कैटेट परीक्षा, नकल करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
कुमारगंज (अयोध्या): उत्तर प्रदेश संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (UP CATTET 2026) आज यानी बुधवार को आयोजित होने जा रही है। जिले में इस परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। अयोध्या जिले में इसके लिए कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां छात्र स्नातक (UG) के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए परीक्षा देंगे।
इन तीन कॉलेजों को बनाया गया परीक्षा केंद्र
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. पी.एस. प्रमाणिक ने परीक्षा की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में तीन प्रमुख केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी:
1. गवर्नमेंट इंटर कॉलेज (GIC), फतेहगंज
2. गर्ल्स गवर्नमेंट इंटर कॉलेज (GGIC), सिविल लाइन
3. एमपीएलएल आदर्श इंटर कॉलेज, धारा रोड
तीसरी आंख की नजर में होगी परीक्षा, वीडियोग्राफी के कड़े निर्देश
कुलसचिव ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर फोटोग्राफी के साथ-साथ पूरी परीक्षा की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। यदि कोई भी अभ्यर्थी नकल करते या अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पूरे प्रदेश के 12 शहरों में बने परीक्षा केंद्र
यूपी कैटेट परीक्षा का आयोजन सिर्फ अयोध्या ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के 12 प्रमुख शहरों में किया जा रहा है। इनमें अयोध्या के अलावा आगरा, बरेली, बांदा, कानपुर, मेरठ, वाराणसी, आजमगढ़, झांसी, लखनऊ, गोरखपुर और प्रयागराज शामिल हैं।
यह है परीक्षा का पूरा शेड्यूल-
- स्नातक (UG) परीक्षा: आज सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
- परास्नातक (PG) व पीएचडी परीक्षा: 18 जून को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक।
- एमबीए (MBA) परीक्षा: 18 जून को दूसरी पाली में दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक।
