मुख्यमंत्री 19 जून को वीरांगना झलकारी बाई प्रतिमा का करेंगे अनावरण, रुदौली विधायक बोले होगी करोड़ों की योजनाओं की घोषणा
शुजागंज, अयोध्या, अमृत विचार : रुदौली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मां कामाख्या धाम मां कामाख्या नगर पंचायत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 19 को कार्यक्रम प्रस्तावित है। रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री वीरांगना महारानी झलकारी बाई कोरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्र की विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन से रुदौली विधानसभा क्षेत्र को विकास की कई नई सौगातें मिलने वाली हैं, जिससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे एवं सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम का आयोजन 19 जून शुक्रवार को सुबह 10 बजे मां कामाख्या धाम महोत्सव परिसर में किया जाएगा।
