जॉब का पहला दिन : सपनों से सफलता तक का सफर
कार्यालय में मेरा पहला दिन आज भी मेरी स्मृतियों में ताजा है। वह दिन मेरे जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि का प्रतीक था। मात्र 22 वर्ष की आयु में सरकारी नौकरी प्राप्त करना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। अपने कार्यालय में मैं स्टाफ की सबसे कम उम्र की और पहली महिला कर्मचारी थी। बैंक के काउंटर के दूसरी ओर बैठकर ग्राहकों की सेवा करने का अनुभव बेहद सुखद और गर्व से भर देने वाला था।
कार्यालय का वातावरण और वहां के लोग मेरे लिए नए थे, लेकिन उस संस्थान का हिस्सा बनने की इच्छा वर्षों से मेरे मन में थी। यह सफलता मुझे यूं ही नहीं मिली थी। इसके पीछे लगभग डेढ़ वर्ष की कठिन मेहनत, अनुशासन और धैर्य छिपा था। इसलिए इस उपलब्धि की मिठास भी विशेष थी। पहले ही दिन से मुझे अपने सहकर्मियों का भरपूर सहयोग मिला।
उनके मार्गदर्शन से मैंने बहुत कुछ सीखा और आज भी सीखने की प्रक्रिया निरंतर जारी है। समय के साथ मैंने अपने कार्यक्षेत्र में अनुभव और आत्मविश्वास दोनों प्राप्त किए। आज जब पीछे मुड़कर देखती हूं, तो महसूस होता है कि मैं ठीक उसी स्थान पर खड़ी हूं, जहां स्वयं को दो वर्ष पहले देखने का सपना देखा था। एक बैंकर के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए मुझे संतोष और गर्व दोनों का अनुभव होता है।
केवल नौकरी तक ही मेरी यात्रा सीमित नहीं रही। पिछले कुछ महीनों से मैं ऑनलाइन मेंटरशिप भी प्रदान कर रही हूं, जिसके माध्यम से 10,000 से अधिक लोग मुझसे जुड़े हैं। अपने अनुभव और मार्गदर्शन के जरिए मैं युवाओं को उनके लक्ष्य तक पहुंचने में सहायता करने का प्रयास कर रही हूं। धीरे-धीरे मैं उन सपनों को भी साकार कर रही हूं, जो मैंने पढ़ाई और नौकरी से आगे अपने जीवन के लिए देखे थे। यह सफर मुझे लगातार यह विश्वास दिलाता है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से हर सपना पूरा किया जा सकता है।
