Barabanki News: बाराबंकी में फर्जी वन दरोगा बनकर ठगी, सर्राफा व्यापारी से लाखों के गहने लेकर फरार

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

बाराबंकी, अमृत विचार। वन दरोगा की वर्दी पहनकर लोगों को झांसा देने वाले एक शातिर ठग ने सिद्धौर कस्बे के एक सर्राफा व्यापारी को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। जब उसकी असलियत सामने आई तो वह पुलिस और स्थानीय लोगों को चकमा देकर फरार हो गया। हालांकि जांच के दौरान उसके कमरे से वन विभाग की वर्दी और कुछ दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस और वन विभाग की टीम आरोपी की तलाश में जुटी है।

आभूषण लेकर नहीं चुकाए रुपये

सिद्धौर कस्बे के सिद्धेश्वर वार्ड निवासी एक सर्राफा व्यापारी ने आरोप लगाया कि खुद को वन दरोगा बताने वाले ललित यादव नामक युवक ने 4 मई को करीब 1.77 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण खरीदे थे। आरोपी ने 30 हजार रुपये नकद दिए और बाकी रकम बाद में देने का भरोसा दिलाया। इसके बाद जब भी व्यापारी ने बकाया रुपये मांगे, वह अलग-अलग बहाने बनाकर टालता रहा।

खुली फर्जी दरोगा की पोल

मंगलवार को आरोपी फिर कस्बे में दिखाई दिया तो लोगों ने उसे पहचान लिया और पुलिस को सूचना दी। बातचीत के दौरान लोगों को उसकी पहचान और पद को लेकर शक हुआ। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली गई, जहां पता चला कि जिले में ललित यादव नाम का कोई वन दरोगा तैनात ही नहीं है। असलियत सामने आते ही आरोपी अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

कमरे से मिली वर्दी

सूचना मिलने पर हरख रेंज के वन विभाग के अधिकारी और पुलिस आरोपी के किराए के कमरे पर पहुंचे। तलाशी के दौरान वहां से वन विभाग की दो स्टार लगी वर्दी और कुछ दस्तावेज बरामद हुए। हरख के वन रेंजर प्रदीप सिंह ने बताया कि विभाग के रिकॉर्ड में ललित यादव नाम का कोई कर्मचारी नहीं है। कमरे में रहने वाले एक अन्य युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें:- Barabanki News: बाराबंकी में मेंथा टंकी फटने से बड़ा हादसा, युवक समेत 3 झुलसे; बीते हफ्ते हुए हादसे में युवती की मौत

संबंधित समाचार