UP Weather Update : पीलीभीत, देवरिया समेत कई जगह झमाझम बारिश, यूपी के 50 से ज्यादा जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Published By Ateeq Khan
On

भीषण गर्मी से तप रहे यूपी के कई जिलों में राहत बनकर बरसी बारिश

मौसम विभाग ने सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर समेत 26 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, मिर्जापुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत 29 जिलों में आकाशीय बिजली तड़कने का अलर्ट जारी किया है। कुल मिलाकर यूपी में गर्मी से बड़ी राहत मिलने जा रही है। पीलीभीत समेत कई जिलों में रात से ही बारिश हो रही है।

अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में मौसम करवट बदलने लगा है। भीषण गर्मी का दौर छटने वाला है। मानसूनी गतिविधियां सक्रिय होने लगी हैं। मंगलवार को पीलीभीत, देवरिया और ललितपुर जनपद में झमाझम बारिश हो रही है। कई जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर समेत 26 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं, मिर्जापुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत 29 जिलों में आकाशीय बिजली तड़कने का अलर्ट जारी किया है। कुल मिलाकर यूपी में गर्मी से बड़ी राहत मिलने जा रही है। 
 
यूपी के कई हिस्सों में सोमवार की शाम से ही मौसम का मिजाज बदल गया। फिरोजाबाद, एटा, बहराइच क्षेत्र में बारिश हुई। पीलीभीत में रात दो बजे के आसपास से बारिश हो रही है। फिरोजाबाद में आंधी में पेड़ उखड़ने से बड़ा हादसा हो गया। पेड़ के नीचे दबकर ई-रिक्शा सवार 5 लोगों की मौत हो गई। 

बहराइच-पीलीभीत में मूसलाधार बारिश 

बहराइच में सोमवार को मूसलाधार बारिश हुई। श्रावस्ती में झमाझम बरसात देखने को मिली। दूसरी तरफ आगरा और अलीगढ़ में तपिश बरकरार रही। इन क्षेत्रों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। मंगलवार को पीलीभीत में सुबह से ही बारिश हो रही है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट 


मौसम विभाग के मुताबिक पीलीभीत, बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, बाराबंकी आदि जिलों में भारी बारिश हो सकती है। कुछ जिलों में बारिश शुरू भी हो गई है और यहां आमजन ने बड़ी राहत महसूस की है। 

गर्मी से तप रहा था यूपी 


यूपी में भीषण गर्मी से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। दिन से लेकर रात तक गर्मी बेहाल किए थी। हर कोई बारिश की उम्मीद लगाए था। मानसून की प्रतीक्षा हो रही थी। अब बारिश के साथ माना जा रहा है कि मानसून भी दस्तक दे रहा है और अगले कुछ दिनों में गर्मी से बड़ी राहत मिलने की संभावना है। 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज