Yamuna Expressway Accident: मथुरा में वोल्वो बस ट्रेलर से टकराई, 4 की मौत, 20-25 घायल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मथुरा के राया थाना क्षेत्र में तड़के 3:35 बजे हुआ हादसा, बस में सवार थे करीब 65 यात्री; पुलिस, SDRF और फायर टीम ने चलाया राहत-बचाव अभियान

मथुराः राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना राया क्षेत्र में माइलस्टोन 112-113 के बीच सुबह करीब 3:35 बजे गोला बस सर्विस की एक वोल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर से जोरदार टक्कर के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से 25 यात्री घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में लगभग 65 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), सीओ महावन और थाना प्रभारी राया पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके अलावा एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने भी राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

हादसे में घायल हुए सभी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद मथुरा जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।

संबंधित समाचार