Gonda News : बिजली विभाग की लापरवाही से युवक की गई जान, टूटा हुआ पोल ठीक न करने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

गोंडा के मोतीगंज थाना क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि 10 दिन पहले टूटे बिजली पोल की सूचना देने के बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।

गोंडा, अमृत विचार: मोतीगंज थाना क्षेत्र के चकसड़ गांव से बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई है। यहाँ करंट लगने से एक 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा रविवार को हुआ। चकसड़ गांव का रहने वाला 26 वर्षीय युवक प्रदीप सोनकर पुत्र उदय राज सोनकर अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना भीषण था कि युवक का एक हाथ बुरी तरह झुलसकर गल गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में घायल प्रदीप को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

​मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में एक विद्युत पोल पिछले 10 दिनों से टूटकर गिरा हुआ था। इस संबंध में बिजली विभाग को बाकायदा समय रहते सूचना भी दी गई थी, लेकिन अधिकारियों ने टूटे हुए पोल को ठीक करने या वहां से बिजली के तार हटाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।​ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिवम तिवारी ने इस लापरवाही की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने खुद 10 दिन पहले बिजली विभाग को इस खतरे के बारे में सूचित किया था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

इसी ढुलमुल रवैये के कारण आज एक मासूम युवक की जान चली गई।​युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस पूरी घटना के लिए सीधे तौर पर बिजली विभाग की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों ने विभाग के लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

संबंधित समाचार