Bareilly News : सैटेलाइट पर पर काले कपड़ों में आई महिला छोड़ गई फूल सा बेबी बॉय

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

यात्रियों को बस अड्डे पर ठेले के नीचे रोता मिला डेढ़ माह का बच्चा दत्तक इकाई को सौंपा गया

जिला अस्पताल के डॉक्टर बोले, दुधमुंहा पूरी तरह स्वस्थ्य, बच्चे को लावारिस छोड़ने वाली महिला की हो रही तलाश

बरेली, अमृत विचार। सैटेलाइट बस अड्डे पर शनिवार रात डेढ़ बजे के करीब खोमचे के नीचे मिले लावारिस बेबी बॉय को अस्पताल में हेल्थ परीक्षण के बाद दत्तक ग्रहण इकाई को सौंप दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी के जरिए बच्चे को रेहड़ी के नीचे छोड़ने वाले की तलाश के प्रयास में थी मगर सेटेलाइट पर उस प्वाइंट का कैमरा ही खराब मिला है। चर्चा है कि काले कपड़े पहने एक महिला हाथ में बैग जैसा कुछ लेकर कुछ देर वहां खड़ी दिखी थी। माना जा रहा है, उसी अजनबी औरत चुपके से बच्चे को ठेले के नीचे लिटाकर गायब हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 1:30 बजे सैटेलाइट बस स्टैंड पर ठेले के नीचे लावारिस हाल में बच्चा मिला था। उसके रोने की आवाज सुनकर कुछ यात्री वहां पहुंच गए थे। पता होते ही सैटेलाइट पुलिस चौकी इंचार्ज मयंक भी आ गए। बच्चे को सुरक्षित ठेले के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डाक्टरों ने जांच में बच्चा पूरी तरह स्वस्थ्य बताया। जरूरी ओपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे उसे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के सुपुर्द कर दिया गया। टीम ने उसे शिशु को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया। जहां से रविवार को उसे राजकीय दत्तक ग्रहण इकाई में सुरक्षित संरक्षण के लिए भेज दिया गया। बहुत कोशिश के बाद पुलिस दूसरे दिन भी बच्चे के मां-बाप के बारे में जानकारी नहीं जुटा सकी। संस्था की ओर अपील की गई है कि यदि किसी शिशु के माता-पिता या परिजनों के बारे में जानकारी हो तो उसकी जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या थाना बारादरी पुलिस को दें।

जरूरत के समय खराब मिला सेटेलाइट का सीसीटीवी
सैटेलाइट बस स्टैंड पर ठेले के नीचे मिले मासूम शिशु के मामले में क्षेत्र में लगे आई ट्रिपल सी के कई सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब है। कैमरे बंद होने से पुलिस को घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की फुटेज नहीं मिल सकी, जिससे जांच प्रभावित हो रही है। बरेली के इस प्रमुख बस अड्डे पर रोजाना हजारों यात्रियों की आवक रहती है। कुछ माह पहले हरदोई के ट्रक ड्राइवर तौहीद की रात के समय यहां नाले में गिरने से मौत भी हो चुकी है। इसके बाद भी सीसीटीवी खराब होना सुरक्षा में खतरनाक लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है। अगर सीसीटीवी फुटेज सामने आते तो बच्चे को लावारिस छोड़ने वाले के बारे में तुरंत जानकारी हो सकती थी मगर अब पूरी कहानी में पुलिस उलझी दिखाई दे रही है।

पुलिस बच्चे को लेकर आई थी, जिसके बाद उसे राजकीय दत्तक ग्रहण इकाई में रखने के आदेश किए हैं, और बच्चों देखभाल करने के लिए कहा गया है। दिनेश चंद्र, अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति।

सेटेलाइट बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरे नियमित रूप से चेक कराए जाते है। एक सीसीटीवी खराब कैसे था, इस बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। उसे तुरंत ठीक भी कराया जा रहा है। - मोहम्मद अकमल खान, एसपी ट्रैफिक।

संबंधित समाचार