राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला : चंपत राय के समर्थन में उतरा व्यापार मंडल, बोले- निर्दोष को फंसाने की हो रही साजिश
अयोध्या, अमृत विचार : राम मंदिर में हुए चंदा चोरी के बहुचर्चित प्रकरण में रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपतराय के समर्थन में खुलकर सामने आ गया है। व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने चंदा चोरी की कड़ी निंदा करते हुए कहा है ट्रस्ट महासचिव रहे चंपतराय को मामले में फंसाने की सुनियोजित साजिश चल रही है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल अयोध्या महानगर एवं जिला इकाई के पदाधिकारियों की आपात बैठक रविवार अवध मॉल में हुई, जिसमें श्रीराम जन्म भूमि मंदिर में कुछ कर्मचारियों द्वारा चढ़ावे एवं दान की राशि में की गई हेराफेरी और चोरी की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की गई। संगठन के प्रांतीय संयुक्त महामंत्री अरुण कुमार अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि जिला अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने कहा है कि भारतीय न्याय व्यवस्था के नियम अंतर्गत किसी निर्दोष को फंसाया ना जाए और दोषियों को सख्त सजा दी जाए।
महानगर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गुप्ता ने कहा कि ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय के विरुद्ध सोची समझी रणनीति के तहत अर्गनल आरोप उन लोगों द्वारा लगाया जा रहा है, जिनके पास किसी भी प्रकार कोई ठोस सबूत नहीं है। बैठक को प्रांतीय उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष ज्ञान केसरवानी, सरदार सुरेंद्र सिंह गांधी, नीरज जायसवाल, महानगर कोषाध्यक्ष यशस्पति अग्रवाल, अयोध्या धाम अध्यक्ष पंकज गुप्ता, महामंत्री नन्दलाल गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष सरदार जसबीर सिंह, व्यापारी नेता अमल गुप्ता, युवा जिला अध्यक्ष प्रिंस गुप्ता ने संबोधित करते हुए एक स्वर में चंपत राय को दोषी करार देने की साजिश की निंदा की।
आंदोलन में कहीं नहीं थे आरोप लगाने वाले
बैठक में सभी व्यापारी नेताओं ने खुलकर कहा कि जो लोग आज आरोप लगा रहे हैं, वह राम जन्म भूमि मंदिर के संघर्ष के समय वह कही भी नहीं थे। आज वह लोग 1984 से मंदिर निर्माण तक तन, मन, धन से सहयोग करने वाले अयोध्या के व्यापारी समाज को दोषी बता रहे हैं। कहा कि अनावश्यक मीडिया रिपोर्ट्स और छुटभैये नेताओं की बयानबाजी से अयोध्या का व्यापार एवं विकास पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है एवं पूरे देश में नकारात्मक संदेश जा रहा है। बैठक में चंद्रभान मौर्य, उमाशंकर सिंह, हरभजन गौड़, जसबीर सिंह सेठी, विनोद शर्मा, अंगद चौरसिया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
