Jalaun Murder : गोहन पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
On

19 जून की मारपीट के बाद आरोपी के मन में पनपी थी रंजिश

जालौन के पृथ्वीपुर गांव में 22 जून को खेत में सो रहे गिरजा शंकर तिवारी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार शराब को लेकर हुई पुरानी मारपीट की रंजिश में राज दुबे ने डंडे से सिर पर वार कर हत्या की थी। आरोपी गिरफ्तार है और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा बरामद कर लिया गया है।

उरई/जालौन। जालौन जिले की गोहन पुलिस ने 22 जून 2026 को पृथ्वीपुर गांव में हुई ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक मृतक गिरजा शंकर तिवारी की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। आरोपी ने खेत में सो रहे गिरजा शंकर के सिर पर लकड़ी के डंडे से कई वार कर उनकी जान ले ली थी। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर राज दुबे उर्फ राजकुमार पुत्र प्रभुदयाल दुबे, निवासी ग्राम बिठौली, थाना बिठौली, जनपद इटावा को गिरफ्तार किया है।

शराब पीने के बाद हुई थी मारपीट, तभी से थी रंजिश

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 19 जून को शराब पीने को लेकर मृतक ने उसकी जमकर पिटाई की थी। इस घटना के बाद से वह गिरजा शंकर से रंजिश रखने लगा था। इसी रंजिश में उसने खेत में सो रहे गिरजा शंकर को निशाना बनाया और लकड़ी के डंडे से सिर पर कई वार कर दिए।

सूखे नाले में फेंक दिया था हत्या में इस्तेमाल डंडा

पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल लकड़ी के डंडे को सूखे नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर डंडा बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। ब्लाइंड मर्डर के खुलासे के बाद पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें:-Sitapur News : गांधी प्रतिमा के पास गंदगी और अतिक्रमण से कांग्रेसियों में उबाल, तहसीलदार से की यह मांग

संबंधित समाचार