Barabanki News : लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर से बढ़ेगा तीर्थाटन, बोले डॉ. दिलीप, जिले को मिली साढ़े पांच सौ करोड़ की योजनाओं की सौगात
राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री बोले- विरासत के सम्मान के साथ विकास की रफ्तार तेज
राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने बाराबंकी में विकास और विरासत संरक्षण को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोधेश्वर महादेव मंदिर के भव्य कॉरिडोर के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और इसे काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने करीब 550 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का भी उल्लेख किया।
बाराबंकी, अमृत विचार। राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि बाराबंकी में विरासत और विकास की यात्रा निरंतर प्रगति पर है। जन सूचना अधिकारियों को भी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। रामनगर निरीक्षण गृह में उन्होंने कहा कि जिले में विरासत को सम्मान मिलने के साथ सांस्कृतिक गौरव की अनुभूति हो रही है।
उन्होंने कहा कि तीर्थ स्थलों का विकास केवल ढांचागत निर्माण नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, राष्ट्रीय चेतना और भारतीय परंपराओं की पुनर्स्थापना से भी जुड़ा है। प्रदेश सरकार इसी सोच के साथ कार्य कर रही है। बाराबंकी में भगवान लोधेश्वर महादेव मंदिर के भव्य कॉरिडोर के निर्माण के लिए सरकार ने धनराशि स्वीकृत की है। श्री काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर विकसित होने वाले कॉरिडोर से यात्री सुविधाओं का विस्तार होने के साथ तीर्थाटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
SCR बनने से बाराबंकी को मिलेगा फायदा
राज्य सूचना आयुक्त ने रामनगर स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने जिले में हो रहे विकास कार्यों पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि बाराबंकी को करीब साढ़े पांच सौ करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) के रूप में विकसित किया जा रहा है। बाराबंकी की स्थिति लखनऊ और अयोध्या के बीच होने से दोनों शहरों तक पहुंचने वाला विकास यहां भी गति पकड़ेगा।
