Gonda News : सुरक्षा सम्मेलन में गुटखा चबाना RPF सिपाही को पड़ा भारी, अफसर ने भाषण रोककर लगाई फटकार; तुरंत सस्पेंड

Amrit Vichar Network
On

RPF के सुरक्षा सम्मेलन में 100 से अधिक अधिकारी-जवान थे मौजूद

गोंडा में आरपीएफ के सुरक्षा सम्मेलन के दौरान गुटखा चबाते मिले कांस्टेबल वरुणेंद्र कुमार द्विवेदी को निलंबित कर दिया गया। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी ने उसे सार्वजनिक रूप से फटकार लगाई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। तीन अन्य जवानों को भी चेतावनी दी गई।

गोंडा, अमृत विचार: आरपीएफ की तरफ से आयोजित सुरक्षा सम्मेलन में एक सिपाही को गुटखा चबाना मंहगा पड़ गया। नजर पड़ते ही लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने उसे कड़ी फटकार लगाई और इसे अनुशासनहीनता मानते हुए सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अनुशासनहीनता के आरोप में ही तीन अन्य सिपाहियों को चेतावनी जारी की गयी है।

बुधवार शाम स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आरपीएफ का सुरक्षा सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसमें 100 से अधिक अधिकारी और जवान मौजूद थे। लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी जवानों को सुरक्षा संबंधी निर्देश दे रहे थे।

इसी दौरान उनकी नजर सिपाही वरुणेंद्र कुमार द्विवेदी पर पड़ी, जो बेफिक्री से मुंह में गुटखा दबाए बैठा था। सिपाही को गुटखा खाते देख आयुक्त ने बीच में ही अपना भाषण रोक दिया। उन्होंने वरुणेंद्र को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाते हुए अनुशासन का पाठ पढ़ाया। सुरक्षा आयुक्त ने कहा कि आरपीएफ जैसे सुरक्षा बल की आधिकारिक बैठक में इस तरह का व्यवहार गंभीर अनुशासनहीनता है।

सुबह जारी हुआ निलंबन आदेश

उन्होने आरोपी सिपाही के खिलाफ तत्काल कार्रवाई का भी निर्देश दिया। निर्देश के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। गुरुवार सुबह आरपीएफ निरीक्षक अनिरुद्ध राय ने कांस्टेबल वरुणेंद्र कुमार द्विवेदी के निलंबन का आदेश जारी कर दिया। वरुणेंद्र कुमार द्विवेदी मूल रूप से देवरिया का रहने वाला है और करीब दो वर्षों से गोंडा में तैनात बताया जा रहा है।

आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि सम्मेलन के दौरान ड्यूटी और व्यवहार में कमी पाए जाने पर तीन अन्य जवानों को भी सख्त चेतावनी दी गई है। उन्होने कहा कि सुरक्षा बल में अनुशासन से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

संबंधित समाचार