Gonda News : निर्माणाधीन मैरिज हाल के पीछे बने गड्ढे में डूबे दो चचेरे भाई, गांव में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोंडा के इटियाथोक थाना क्षेत्र के बैजपुर गांव में धान की नर्सरी लगाने गए दो चचेरे भाइयों की गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

इटियाथोक/गोंडा, अमृत विचार: इटियाथोक थाना क्षेत्र के बैजपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाइयों की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। दोनों किशोर धान की बेरन (नर्सरी) रोपाई के लिए साइकिल से खेत गए थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार बैजपुर निवासी जंगबहादुर का 15 वर्षीय पुत्र शिवम तथा राम बहादुर का 12 वर्षीय पुत्र राजन रविवार को साइकिल से धान की बेरन रोपाई करने के लिए खेत की ओर गए थे। खेत के पास स्थित एक निर्माणाधीन मैरिज हाल के पीछे बने गहरे गड्ढे के पास दोनों किसी कारणवश पहुंच गए। आशंका है कि पैर फिसलने से दोनों गड्ढे में गिर गए और गहरे पानी में डूब गए। काफी देर तक दोनों के घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान लोगों को घटना की आशंका हुई, जिसके बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया। करीब शाम छह बजे दोनों किशोरों के शव गड्ढे से बाहर निकाले गए। दोनों बच्चों के शव बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मातम का माहौल देखते ही देखते पूरे गांव में फैल गया। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों चचेरे भाइयों में गहरा लगाव था और अक्सर साथ ही रहते थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर इटियाथोक पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि बैजपुर गांव में दो किशोरों की गड्ढे में डूबने से मृत्यु हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार