सीतापुर मनोज शुक्ला हत्याकांड: जांच में RTI कनेक्शन की एंट्री, कई संदिग्धों से पूछताछ तेज

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

महमूदाबाद के ब्वायज हॉस्टल संचालक हत्याकांड में एसओजी और पुलिस की जांच जारी, बाराबंकी के निजी अस्पताल समेत कई स्थानों पर जुटाए जा रहे साक्ष्य।

सीतापुर, अमृत विचार। महमूदाबाद कस्बे में ब्वायज हॉस्टल संचालक मनोज शुक्ला की हत्या के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। पुलिस और एसओजी की प्रारंभिक जांच में इस मामले के तार आरटीआई (RTI) से जुड़े होने की आशंका सामने आई है। संदिग्धों से पूछताछ और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है।

गौरतलब है कि महमूदाबाद कस्बे में मनोज शुक्ला का शव उनके हॉस्टल के पास झाड़ियों में मिला था। इस मामले में महमूदाबाद कोतवाली में बाराबंकी के न्यू हिंद हॉस्पिटल के डॉ. लईक, डॉ. ए. हाशमी, राममिलन, जयदेवी उर्फ जया तथा कस्बे के अभय प्रताप सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने जांच का जिम्मा एसओजी को सौंपा है। सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में मनोज शुक्ला और न्यू हिंद हॉस्पिटल के बीच आरटीआई से जुड़े कुछ पहलुओं की जानकारी सामने आई है। इन्हीं बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए एसओजी और स्थानीय पुलिस ने बाराबंकी स्थित न्यू हिंद हॉस्पिटल के अलावा लखनऊ के कई स्थानों पर पहुंचकर संबंधित लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए।

सीओ महमूदाबाद वी.के. श्रीवास्तव ने बताया कि दर्ज मुकदमे के आधार पर जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

धमकी के बाद महिला की मध्यस्थता की भी जांच

सूत्रों के मुताबिक, मनोज शुक्ला को पहले धमकी मिलने की बात भी जांच के दायरे में है। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के दौरान बाराबंकी स्थित न्यू हिंद हॉस्पिटल में कार्यरत एक महिला ने दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता करने का प्रयास किया था।

जानकारी के अनुसार, घटना से करीब दो दिन पहले दोनों पक्षों की महमूदाबाद में मुलाकात हुई थी। इस दौरान अभय प्रताप सिंह की मौजूदगी की भी बात सामने आई है। पुलिस इन तथ्यों की भी जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूछताछ जारी

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने हॉस्टल में रहने वाले छात्रों के अलावा वहां आने-जाने वाले अन्य लोगों से भी पूछताछ की है। सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर उन लोगों की पहचान की जा रही है, जिनका हॉस्टल में नियमित आना-जाना था। जांच के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों से भी जानकारी जुटाए जाने की बात सामने आई है।

फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और आधिकारिक रूप से किसी भी संभावित कारण की पुष्टि नहीं की गई है।

यह भी पढ़ेंः सीतापुर पुलिस में बड़ा फेरबदल: रामपुर मथुरा के एसओ हटे, बनाए गए चौकी प्रभारी; कई थाना प्रभारियों के तबादले

संबंधित समाचार