'हनुमान अंश' का टीजर रिलीज: नीम करोली बाबा की प्रेरक कहानी बड़े पर्दे पर, स्टीव जॉब्स से मार्क जुकरबर्ग तक क्यों जुड़े कैंची धाम से?

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

31 जुलाई 2026 को रिलीज होगी फिल्म 'हनुमान अंश'; मेकर्स बोले- यह सिर्फ फिल्म नहीं, सेवा और रामभक्ति का संदेश है।

मुंबई। श्री नीम करोली बाबा के जीवन, उनकी शिक्षाओं और आध्यात्मिक संदेश से प्रेरित फिल्म 'हनुमान अंश' का टीजर रिलीज कर दिया गया है। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 31 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म का उद्देश्य आस्था, सेवा, विनम्रता और रामभक्ति के संदेश को दर्शकों तक पहुंचाना है।

फिल्म में शोभिना डब्ल्यू. सत्या, विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसका निर्माण रागिनी एस., नम्रता जी. सिंह, अनुप्रिया ए. नागर और विशाल चतुर्वेदी ने किया है।

आस्था और सेवा की यात्रा को दिखाती है फिल्म

'हनुमान अंश' केवल किसी संत की जीवनी नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभव के रूप में प्रस्तुत की गई है। फिल्म में नीम करोली बाबा को ऐसे संत के रूप में दिखाया गया है, जिन्होंने सत्ता, प्रसिद्धि और भौतिक सुख-सुविधाओं से दूर रहकर प्रेम, सेवा, विनम्रता और रामभक्ति का संदेश दिया।

टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों ने फिल्म के विषय और प्रस्तुति की सराहना की है।

मेकर्स बोले- यह हमारे लिए सेवा का माध्यम

फिल्म निर्माताओं का कहना है कि 'हनुमान अंश' केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि गुरु परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों को समर्पित एक प्रयास है।

मेकर्स के अनुसार, यह फिल्म उन लोगों के लिए है जो गुरु में आस्था रखते हैं या जीवन में आध्यात्मिक मार्ग की तलाश कर रहे हैं। उनका उद्देश्य महाराज जी के प्रेम, सेवा, विनम्रता और रामभक्ति के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

दुनियाभर में फैला है नीम करोली बाबा का प्रभाव

श्री नीम करोली बाबा का प्रभाव भारत तक सीमित नहीं रहा। उनकी शिक्षाओं से दुनिया भर के लाखों लोग प्रेरित हुए हैं। बाबा के अनुयायियों और उनसे प्रेरणा लेने वाले प्रसिद्ध नामों में स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग, जूलिया रॉबर्ट्स, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा शामिल हैं।

कैंची धाम से जुड़ने की वजह बनी चर्चा

स्टीव जॉब्स का भारत आना और उत्तराखंड स्थित कैंची धाम जाना उनके जीवन के महत्वपूर्ण आध्यात्मिक अनुभवों में गिना जाता है। वहीं, मार्क जुकरबर्ग के कैंची धाम से जुड़े अनुभव भी काफी चर्चित रहे। अभिनेत्री जूलिया रॉबर्ट्स ने भी नीम करोली बाबा की तस्वीर देखने के बाद हिंदू धर्म की ओर अपने झुकाव की बात कही थी। क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी समय-समय पर बाबा के आश्रमों में दर्शन के लिए जाते रहे हैं।

31 जुलाई को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

फिल्म का उद्देश्य किसी पारंपरिक बायोपिक की तरह घटनाओं का क्रम प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि श्रद्धा, समर्पण, सेवा और भक्ति की भावना को पर्दे पर जीवंत करना है। 'हनुमान अंश' 31 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

यह भी पढ़ेंः बॉक्स ऑफिस पर 'धमाल 4' का धमाका, दो दिन में 43.80 करोड़ की कमाई; 'लेनिन' भी बनी दर्शकों की पसंद

संबंधित समाचार