योगी सरकार का फैसला :शाहजहांपुर के जलालाबाद का नाम बदला, अब परशुरामपुरी कहलाएगा कस्बा
शाहजहांपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक बड़ा अपडेट सामने आया है। जिले की नगर पालिका परिषद जलालाबाद के अंतर्गत आने वाले कस्बा/नगर 'जलालाबाद' का नाम अब आधिकारिक तौर पर बदल दिया गया है। इसे अब 'परशुरामपुरी' के नाम से जाना जाएगा। नाम परिवर्तन के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है और यह बदलाव जल्द ही अधिसूचना जारी होने की तिथि से प्रभावी हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार, जलालाबाद को भगवान परशुराम की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है। पौराणिक कथाओं और ग्रंथों में भी इस स्थान का प्रमुखता से उल्लेख मिलता है। इसी धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही थी कि इस कस्बे का नाम भगवान परशुराम के नाम पर 'परशुरामपुरी' रखा जाए।
भारत सरकार से मिली थी अनापत्ति (NOC)
जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की इस प्रमुख मांग को संज्ञान में लेते हुए नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इस संबंध में भारत सरकार के पत्र संख्या-11/40/2025-एम0 एण्ड जी0 (दिनांक 19 अगस्त 2025) द्वारा नगर पालिका परिषद जलालाबाद क्षेत्रान्तर्गत कस्बा/नगर का नाम परिवर्तित कर 'परशुरामपुरी' किये जाने के प्रस्ताव पर अनापत्ति (NOC) प्रदान की गई थी।
इसी क्रम में अब जनपद शाहजहांपुर की नगर पालिका परिषद जलालाबाद का नाम परिवर्तित करने के प्रस्ताव पर अंतिम अनुमोदन प्रदान कर दिया गया है। नया नाम 'परशुरामपुरी' सरकारी अधिसूचना के निर्गमन की तिथि से पूरी तरह से लागू माना जाएगा।
