Bundelkhand Expressway Accident: जालौन में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई DCM; दो की मौत, दो गंभीर घायल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

कैथेरी टोल प्लाजा के पास देर रात हुआ हादसा, खजूर से लदा डीसीएम ट्रक आगे चल रहे वाहन से टकराया; पुलिस और यूपीडा ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान।

जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उरई कोतवाली क्षेत्र के कैथेरी टोल प्लाजा के पास देर रात करीब 12:45 बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार, चरखारी से संभल जा रहा खजूर से लदा एक डीसीएम ट्रक एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे दूसरे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए।

दो लोगों की मौके पर गंभीर चोट, अस्पताल में मौत

पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल हुए अलीगढ़ जिले के जुझारपुर निवासी चालक विष्णु यादव और संभल जिले के बिलाल पथ निवासी बबलू को तत्काल उरई के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

वहीं, अलीगढ़ निवासी नितेश और संभल निवासी मोहिन को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यूपीडा और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम मौके पर पहुंची। बचाव अभियान चलाकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। बाद में क्षतिग्रस्त डीसीएम को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कराया गया।

परिजनों को दी गई सूचना, कानूनी कार्रवाई जारी

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

संबंधित समाचार