Sultanpur Road accident: ससुराल से लौट रहे युवक की मौत, सड़क किनारे मिला शव
देहली बाजार के पास अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका, पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सुलतानपुर, अमृत विचार। जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक देहली बाजार स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जगत पाल (30) पुत्र हितलाल, निवासी ग्राम सेमरौना, थाना धनपतगंज के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, जगत पाल अयोध्या जनपद के कुमारगंज क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान देहली बाजार के पास वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद संबंधित वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि युवक सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल पड़ा मिला।
बल्दीराय थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दुर्घटना के कारणों और वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः Sultanpur News : गोवंश को बचाने के प्रयास में साइन पोल से टकराई कार, चालक की सूझबूझ से बची जान
