Hardoi News : खेत गई महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर युवक ने पीटा, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हरदोई के बिलग्राम क्षेत्र में शौच के लिए गई विधवा महिला से खेत में कथित छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

हरदोई। यूपी के हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में शौच के लिए घर से बाहर गई एक विधवा महिला के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में करीब 20 वर्षीय महिला ने बताया कि शुक्रवार देर शाम वह शौच के लिए गांव के बाहर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी अमित ने उसे अकेला पाकर पकड़ लिया और जबरन खेत की ओर खींच ले गया। वहां उसने कथित तौर पर महिला के साथ छेड़छाड़ की।

पीड़िता के अनुसार, जब उसने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बावजूद महिला लगातार मदद के लिए चिल्लाती रही। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति का निधन हो चुका है और वह मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवनयापन करती है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

बिलग्राम पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी अमित के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार