FIFA World Cup 2026: गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे लियोनल मेसी, लगातार 8 विश्व कप मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने
केप वर्डे के खिलाफ गोल कर मेसी ने बरकरार रखी बढ़त, अब प्री-क्वार्टर फाइनल में इजिप्ट से होगी अर्जेंटीना की टक्कर
अमृत विचार डेस्क लखनऊः फीफा विश्व कप 2026 में 4 जुलाई की सुबह राउंड ऑफ 32 के सभी मुकाबले समाप्त हो गए हैं। अब फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं। डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने राउंड ऑफ 32 में केप वर्डे को 3-2 से हराकर अंतिम-16 में अपनी जगह पक्की कर ली।
इस मुकाबले में अर्जेंटीना के कप्तान और स्टार खिलाड़ी लियोनल मेसी ने एक गोल दागते हुए टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस गोल के साथ मेसी फीफा विश्व कप 2026 में गोल्डन बूट की दौड़ में पहले स्थान पर बने हुए हैं। साथ ही उन्होंने विश्व कप इतिहास में लगातार आठ मैचों में कम से कम एक गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
गोल्डन बूट की दौड़ में मेसी सबसे आगे
अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर लियोनल मेसी ने टूर्नामेंट में अब तक 7 गोल किए हैं और गोल्डन बूट की रेस में शीर्ष स्थान पर कायम हैं। उल्लेखनीय है कि अपने करियर में मेसी अब तक विश्व कप का गोल्डन बूट नहीं जीत सके हैं, ऐसे में इस बार उनके पास यह उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा अवसर है।
केप वर्डे के खिलाफ किया गया गोल मेसी का विश्व कप इतिहास का 20वां गोल भी रहा। इसी के साथ वह इस सूची में पहले स्थान पर बने हुए हैं।
एमबापे दे रहे कड़ी टक्कर
गोल्डन बूट की रेस में मेसी को सबसे कड़ी चुनौती फ्रांस के किलियन एमबापे से मिल रही है, जिन्होंने अब तक 6 गोल किए हैं। वहीं तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से नॉर्वे के एर्लिंग हालंड और इंग्लैंड के हेरी केन हैं। दोनों खिलाड़ियों के नाम इस विश्व कप में अब तक 5-5 गोल दर्ज हैं।
फीफा विश्व कप 2026 में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी
-
लियोनल मेसी (अर्जेंटीना) – 7 गोल
-
किलियन एमबापे (फ्रांस) – 6 गोल
-
एर्लिंग हालंड (नॉर्वे) – 5 गोल
-
हेरी केन (इंग्लैंड) – 5 गोल
अब इजिप्ट से होगी अर्जेंटीना की भिड़ंत
राउंड ऑफ 32 में जीत दर्ज करने के बाद अब अर्जेंटीना का सामना प्री-क्वार्टर फाइनल में इजिप्ट से होगा। इजिप्ट ने अपने पिछले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-1 की बराबरी के बाद पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से जीत हासिल कर अंतिम-16 में प्रवेश किया। अर्जेंटीना और इजिप्ट के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार 7 जुलाई की रात 9:30 बजे खेला जाएगा।
यह भी पढ़ेंः ENG vs IND 2nd T20: अय्यर की कप्तानी में पहली जीत का इंतजार, संजू सैमसन पर दबाव; इन 3 खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी नजर
