सोशल मीडिया पर शुरू हुआ प्यार बना मौत की वजह, शादी से इनकार पर प्रेमिका की हत्या; दिल्ली से दबोचा गया कातिल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अमेठी अमृत विचार। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक रहा। शादी के लिए साथ चलने से इनकार करने पर एक युवक ने अपनी 19 वर्षीय प्रेमिका की कथित तौर पर मुंह दबाकर हत्या कर दी। घटना के 48 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के कमला नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, अमेठी के रामनगर गांव के रणवीर नगर जंगल निवासी काजल मंगलवार देर रात घर से निकली थी। बुधवार सुबह उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी सुरजीत और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई।

जांच के दौरान घटनास्थल से काजल का मोबाइल फोन नहीं मिला। पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि काजल और सुरजीत की पहचान करीब ढाई वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी और दोनों लगातार संपर्क में थे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मंगलवार रात काजल को फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। इस दौरान उसने शादी के लिए उसके साथ चलने का दबाव बनाया। जब काजल ने मना कर दिया तो गुस्से में आकर उसने कथित तौर पर उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी और उसका मोबाइल लेकर फरार हो गया।

मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के कमला नगर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मृतका का मोबाइल भी बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 35 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें  : 
अमेठी में नहर की पटरी कटने से सैकड़ों बीघा धान की फसल जलमग्न, किसानों में हाहाकार

संबंधित समाचार