राम मंदिर चढ़ावा विवाद : सपा सांसद सनातन पांडेय का भाजपा पर हमला, बोले- 'राम के नाम पर चंदा जुटाने वाले ही आरोपी'

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सनातन पांडेय ने कारसेवक गोलीकांड पर भी रखा पक्ष

प्रयागराज में सपा सांसद सनातन पांडेय ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। कारसेवकों पर गोलीकांड और रामगोपाल यादव के बयान पर भी पार्टी का पक्ष रखा।

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला तेज कर दिया है। बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय ने प्रयागराज में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण, कारसेवकों पर गोली चलाए जाने के विवाद और पार्टी महासचिव रामगोपाल यादव के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

सांसद सनातन पांडेय ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन से जुड़े मामले ने भाजपा को कठघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को यह पता चल गया है कि "राम के नाम पर चंदा जुटाने वाले ही चढ़ावा चोरी के आरोपी हैं।"

कारसेवकों पर गोलीकांड को लेकर भी रखा पार्टी का पक्ष

कारसेवकों पर गोली चलाए जाने के पुराने विवाद पर सपा सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने कारसेवकों पर गोली नहीं चलवाई थी। उनके अनुसार, तत्कालीन सरकार ने संविधान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपनी जिम्मेदारी निभाई थी। उन्होंने दावा किया कि "गोली मुलायम सिंह यादव ने नहीं चलवाई थी, बल्कि इस संबंध में गलत प्रचार किया गया।"

रामगोपाल यादव के वायरल वीडियो पर दी सफाई

सनातन पांडेय ने सपा महासचिव रामगोपाल यादव के वायरल वीडियो पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि रामगोपाल यादव का संदर्भ बाबरी मस्जिद नहीं, बल्कि उस समय के विवादित ढांचे से था। उनका कहना था कि यदि कोई स्थल न्यायिक विवाद के दायरे में है, तो भारतीय संविधान के अनुसार उसे गिराने का अधिकार किसी को नहीं है और सरकार की जिम्मेदारी कानून का पालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा संवैधानिक व्यवस्था के तहत काम किया है और कभी कोई गलत कार्य नहीं किया।

5 अगस्त को लखनऊ में होगा जनेश्वर मिश्र जयंती कार्यक्रम

उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी 5 अगस्त को अपने वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती पर लखनऊ में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस आयोजन के जरिए पार्टी ब्राह्मण समुदाय के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

संबंधित समाचार