Meerut News: बहन की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद थाने पहुंचा भाई, पुलिस ने तमंचे के साथ किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मेरठ के लोहिया नगर क्षेत्र में एक युवक ने अपनी नाबालिग बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा, पुलिस ने तमंचे समेत गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक किशोरी की उसके ही भाई ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्वयं थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, जाकिर कॉलोनी की ट्रांसफार्मर वाली गली निवासी परिवार में यह घटना उस समय हुई, जब किशोरी अपने कमरे में सो रही थी।

आरोप है कि उसका भाई आरिश कमरे में पहुंचा और नजदीक से उस पर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल किशोरी को तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

वारदात के बाद खुद पहुंचा थाने

पुलिस के मुताबिक, हत्या करने के बाद आरोपी आरिश खुद थाने पहुंचा और बताया कि उसने अपनी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।

बातचीत को लेकर नाराजगी की बात आई सामने

प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी अपनी बहन के कुछ युवकों से बातचीत करने को लेकर नाराज था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता विस्तृत जांच और पूछताछ के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार