Sant Kabir Nagar News : आनंद गौतम हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, लापरवाही पर दरोगा और मुख्य आरक्षी निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

संतकबीरनगर के बखिरा थाना क्षेत्र में आनंद गौतम हत्याकांड में लापरवाही बरतने पर हलका दरोगा और मुख्य आरक्षी को निलंबित कर पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है।

संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में आनंद गौतम हत्याकांड के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बखिरा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर हलका प्रभारी उपनिरीक्षक (एसआई) राजकुमार मिश्र और मुख्य आरक्षी मनोज कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय आनंद गौतम की 18 जून की शाम करीब सात बजे बभनी चौराहे पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि मृतक के रिश्तेदार की एक युवती और मुख्य आरोपी नासिर निवासी कुसम्हा माफी के बीच करीब एक वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 6 जून को आनंद के घर के पास आयोजित एक शादी समारोह में नासिर के पहुंचने पर आनंद और उसके परिजनों ने उसकी कथित तौर पर पिटाई कर दी थी। इसी विवाद का बदला लेने के उद्देश्य से हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने की बात जांच में सामने आई।

हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था। आक्रोशित लोगों ने शव उठाने से इनकार करते हुए प्रदर्शन किया, जिसके चलते कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई। हालात को संभालने के लिए एडीजी गोरखपुर जोन, डीआईजी बस्ती रेंज, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। इसके अलावा संतकबीरनगर, बस्ती और सिद्धार्थनगर से अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती करनी पड़ी थी।

पुलिस के अनुसार, घटना स्थल कोलकी चमरसन गांव बखिरा थाने से करीब 15 किलोमीटर दूर हलका नंबर-02 में आता है। इस क्षेत्र में एसआई राजकुमार मिश्र और मुख्य आरक्षी मनोज कुमार यादव करीब तीन वर्षों से तैनात थे।

एसपी बोले- समय पर जिम्मेदारी निभाई होती तो टल सकती थी घटना

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने बताया कि यदि हलका प्रभारी और मुख्य आरक्षी ने अपने पदीय दायित्वों का समय रहते सही ढंग से निर्वहन किया होता, तो सरेआम हत्या जैसी घटना और उसके बाद उत्पन्न हुई कानून-व्यवस्था की समस्या को रोका जा सकता था। उन्होंने कहा कि दोनों पुलिसकर्मियों को कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता और अकर्मण्यता के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

संबंधित समाचार