बाराबंकी में अवैध पेड़ कटान पर बड़ी कार्रवाई; ठेकेदार पर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
बाराबंकी, अमृत विचार। सुबेहा थाना क्षेत्र के कमेला गांव में अवैध पेड़ कटान का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो दिन पूर्व ही एक ठेकेदार द्वारा सड़क किनारे स्थित प्रतिबंधित आम के बाग को दिनदहाड़े काटकर लकड़ी गायब कर देने का मामला सामने आया था, जिसमें वन विभाग ने जांच के बाद आरोपी पर जुर्माने की कार्रवाई की थी। मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि दूसरे ही दिन उसी क्षेत्र में फिर से अवैध कटान का नया मामला उजागर हो गया।
अवैध रूप से काटे गूलर और शीशम के पेड़
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार द्वारा बिना किसी वैध परमिट के चोरी-छिपे एक विशालकाय हरे-भरे गुलर के पेड़ तथा तीन शीशम के पेड़ों का कटान कर उनकी लकड़ी लेकर फरार होने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने जांच की, जिसमें एक गुलर और तीन शीशम के पेड़ों के कटान की पुष्टि हुई। हालांकि मौके से लकड़ी गायब मिली और केवल कटे हुए पेड़ों के अवशेष ही बरामद हुए।
ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज
वन दरोगा अनुज कुमार सिंह ने जांच के बाद अवैध कटान के लिए जिम्मेदार ठेकेदार अब्दुल अजीम पुत्र इमाम अली, निवासी महराजपुर, थाना सुबेहा के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक बेचू सिंह यादव ने बताया कि वन विभाग की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे अवैध कटान पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
