Barabanki News : प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पांचवें दिन श्रद्धालुओं ने जलाए दीप, भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। नगर पंचायत स्थित श्री शिव शक्ति धाम भुईयां माता मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पांचवें दिन रविवार को भव्य दीपोत्सव एवं भजन संध्या का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की तथा देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे।

कस्बा अध्यक्ष रामशरण पाठक की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में मां दुर्गा एवं भगवान श्री पशुपतिनाथ की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को दीपों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित रामनरेश शास्त्री सहित आधा दर्जन विद्वान आचार्यों ने विधि-विधान से दीपोत्सव संपन्न कराया।

इसके बाद आयोजित भजन संध्या में डॉ. संजय तिवारी के नेतृत्व में महेंद्र योगी ने भगवान के मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में संदीप सिंह, नागेंद्र बाजपेयी और संजीव गुप्ता सहित पूरी टीम ने सहयोग किया। पूरे मंदिर परिसर में देर रात तक 'हर-हर महादेव' और 'जय माता दी' के जयघोष गूंजते रहे।

इस अवसर पर कामख्या धाम के महंत भगवानानन्द महाराज, रामानन्द महाराज, महंत गयागिर नागा बाबा, पंडित देवी प्रसाद, दयाशंकर तिवारी, अमित अवस्थी, संजय पंकज, सोनू, मोनू, हरीश तिवारी, योगेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार