Barabanki News: वन भूमि पर प्लाटिंग का खेल! देवा-फतेहपुर मार्ग पर नींव भरकर काटे जा रहे प्लॉट, वन विभाग बेखबर

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी। देवा-फतेहपुर मार्ग पर वन विभाग की आरक्षित भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर प्लाटिंग किए जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लाखों रुपये कीमत की सरकारी जमीन पर धड़ल्ले से नींव भरवाकर प्लॉट काटे जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक इस पूरे मामले से पूरी तरह अनजान बना हुआ है।

65 फीट वन भूमि पर कब्जे की तैयारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाराबंकी-फतेहपुर मार्ग के दोनों ओर करीब 65 फीट भूमि वन विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती है। नियमानुसार, इस सुरक्षित भूमि पर विभागीय अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण, प्लाटिंग अथवा अन्य कोई भी व्यावसायिक कार्य नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद, मार्ग के किनारे खुलेआम वन भूमि पर नींव भरकर प्लॉटों का सीमांकन किए जाने की चर्चा क्षेत्र में जोरों पर है।

स्थानीय लोगों में नाराजगी, जिलाधिकारी से गुहार

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी जमीन पर कब्जे की नीयत से बेहद व्यवस्थित तरीके से भू-माफियाओं द्वारा प्लाटिंग की जा रही है। मुख्य मार्ग के किनारे खुलेआम चल रही इस अवैध गतिविधि के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से लोगों में भारी नाराजगी है।

क्षेत्रीय लोगों का साफ कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं की गई, तो वन विभाग की इस बेशकीमती जमीन पर स्थायी अतिक्रमण हो जाएगा। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी (डीएम) से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर वन भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने तथा अवैध प्लाटिंग के इस खेल में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई: वन क्षेत्राधिकारी

इस पूरे मामले के संबंध में जब वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) देवा, हेमंत मणि शान्त तिवारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मौके पर तुरंत विभागीय टीम भेजकर इसकी गहन जांच कराई जाएगी। यदि जांच के दौरान वन विभाग की सुरक्षित जमीन पर अवैध कब्जा या प्लाटिंग किए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

ये भी पढ़ें  : 
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में तत्काल सुनवाई से हाईकोर्ट का इनकार, कहा- विशेष प्राथमिकता का कोई आधार नहीं

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज