Bareilly News : रेसिंग बाइक ने साइकिल सवार किशोरों को रौंदा, तीन की मौत
हादसे में साइकिल सवार दो किशोर और बाइक सवार की गई जान
सेंथल/ बरेली, अमृत विचार। हाफिजगंज क्षेत्र में सेंथल-जादोपुर मार्ग पर सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक और साइकिल सवार दो किशोरों की मौत हो गई। साइकिल सवार दोनों किशोर मेला देखने जा रहे थे।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के मुड़िया बिशनसहाय के रहने 12 साल का भानु और 15 साल का सुरेंद्र साइकिल से सेंथल पट्टी में ब्रह्मदेव स्थल के दर्शन करने आए थे। दोनों दर्शन कर वापस घर लौट रहे थे तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि बाइक सवार पुष्पेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर आई पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया। हालात ज्यादा खराब होने पर दोनों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां सुरेंद्र और भानु की मौत हो गई। सेंथल जादोपुर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में पुष्पेंद्र और दो किशोरों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। पुष्पेंद्र के पिता फूलसिंह गांव में खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। मृतक के बहनोई उमाशंकर ने बताया कि वह बाइक का शौकीन था। उसने अभी कुछ समय पहले ही दो लाख रुपये की बाइक खरीदी थी। वह उत्तराखंड के जनपद रुद्रपुर में रहकर सिलाई का काम करता था। रविवार शाम ही वह अपने गांव आया था। बहन पुष्पा के घर से दूसरी बहन कांती के घर जा रहा था और हादसे का शिकार हो गया।
बाइक राइडिंग का शौकीन था पुष्पेन्द्र
बाइक सवार पुष्पेंद्र थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव टांडा इनयतुल्ला निवासी था। पुष्पेंद्र के जीजा उमाशंकर ने बताया पुष्पेंद्र रुद्रपुर में रहकर सिलाई का काम करता था। रविवार शाम ही वह घर आया था। सोमवार सुबह वह पस्तौर निवासी बहन पुष्पा के घर से दूसरी बहन कान्तिदेवी के यहां परेवा कुर्मियान जा रहा था और हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि पुष्पेंद्र बाइक राइडिंग का शौकीन था। और बाइक काफी तेज चलाता था। इसके लिए उसने यामहा की महंगी बाइक ले रखी थी। बाइक राइडिंग की काफी वीडियो भी उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर डाल रखी हैं। उसके इसी शौक ने तीन परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसे के बाद घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि पुष्पेंद्र हेलमेट साथ में लेकर तो चल रहा था लेकिन लगाया हुआ नहीं था। हेलमेट बैग में रखा हुआ था। सिर पर चोट लगने की वजह से पुष्पेंद्र की मौत हुई है। लोगों का कहना था कि यदि वह हेलमेट लगाया होता तो शायद उसकी जान बच जाती।
