ट्रेन में बम है! सीट न मिलने पर युवक ने फैलाई अफवाह, लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन पर मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गोरखपुर-तिरुवनंतपुरम एक्सप्रेस में बम होने की अफवाह फैल गई। ट्रेन में बैठे यात्री घबराकर नीचे उतरने लगे। बम होने की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं और ट्रेन की गहन जांच शुरू की गई।

आधे घंटे चली तलाशी

बम की सूचना पर पहुंची सुरक्षा एजेंसियों ने ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रोककर सभी कोचों की बारीकी से जांच की। करीब आधे घंटे तक चले तलाशी अभियान में ट्रेन के अंदर कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने यात्रियों से पूछताछ शुरू की कि बम की सूचना किसने दी थी।

सीट न मिलने पर युवक ने फैलाई अफवाह

पूछताछ के दौरान यात्रियों ने एक युवक की ओर इशारा किया, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के मुताबिक, युवक ने अपना नाम सैनी जैकी बताया है, जो तेलंगाना का रहने वाला है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ट्रेन में उसे सीट नहीं मिल रही थी, इसलिए उसने बम होने की झूठी अफवाह फैला दी।

लखनऊ ऐशबाग स्टेशन पर बम की अफवाह (3)

कार्रवाई में जुटी पुलिस

जांच में बम की सूचना पूरी तरह फर्जी निकली। ट्रेन को सुरक्षित पाए जाने के बाद उसे उसके अगले गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं, अफवाह फैलाने वाले युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और यात्रियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

लखनऊ ऐशबाग स्टेशन पर बम की अफवाह (4)

ये भी पढ़ें:- 2027 चुनाव से पहले मायावती का OBC कार्ड, बोलीं- 2007 की तरह बसपा को फिर दिलाएं सत्ता

संबंधित समाचार