Sultanpur News : गोवंश को बचाने के प्रयास में साइन पोल से टकराई कार, चालक की सूझबूझ से बची जान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

दियरा रोड फ्लाईओवर पर अचानक सामने आया आवारा गोवंश, टायर फटने के बाद अनियंत्रित हुई कार; रिटायर्ड कमांडर ने सुरक्षित रोका वाहन

सुलतानपुर। दियरा रोड फ्लाईओवर पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। वाराणसी से लखनऊ जा रही एक कार के सामने अचानक आवारा गोवंश आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में चालक ने तत्काल वाहन मोड़ा, लेकिन इसी दौरान कार का टायर फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर पर लगे सांकेतिक (साइन) पोल से टकरा गया।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बावजूद चालक ने घबराने के बजाय सूझबूझ और सतर्कता का परिचय देते हुए वाहन पर दोबारा नियंत्रण पाया और उसे सुरक्षित सड़क किनारे रोक दिया। उनकी समझदारी से कार के पलटने या अन्य वाहनों से टकराने जैसी बड़ी दुर्घटना टल गई।

जानकारी के अनुसार, कार चला रहे रिटायर्ड कमांडर अशोक कुमार यादव किसी आवश्यक कार्य से वाराणसी से लखनऊ जा रहे थे। हादसे में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और क्षतिग्रस्त वाहन को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में मदद की।

यह घटना एक बार फिर हाईवे और फ्लाईओवर पर आवारा गोवंश की मौजूदगी से उत्पन्न हो रहे खतरे को उजागर करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रमुख मार्गों पर आवारा पशुओं के आ जाने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से हाईवे और फ्लाईओवर पर आवारा गोवंश की रोकथाम के लिए प्रभावी अभियान चलाने, बैरिकेडिंग कराने और नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

यह भी पढ़ेंः PM Fasal Bima Yojana 2026: 31 जुलाई तक कराएं फसल बीमा, जानिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज की स्टेप वाइज डिटेल

यह भी पढ़ेंः अयोध्या में संतों का बड़ा फैसला: चंपतराय के समर्थन में एकजुट हुए साधु-संत, इस्तीफा स्वीकार न करने की अपील

संबंधित समाचार