लखनऊ यूनिवर्सिटी में UG entrance exam के प्रवेश पत्र जारी, वेबसाइट से करें डाउनलोड
6 से 12 जुलाई के बीच आयोजित होगी प्रवेश परीक्षा
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 प्रवेश प्रक्रिया के तहत स्नातक और यूजी प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। छह से 12 जुलाई के बीच आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी शुक्रवार से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से अपने लॉगिन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। विश्वविद्याल के प्रवेश प्रकोष्ठ की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
प्रवेश समन्वयक प्रो. अनित्य गौरव का कहना है कि जिन पाठ्यक्रमों के प्रवेश पत्र जारी हुए हैं, उनमें बीवीए या बीएफए, बीवोक रिन्यूएबल एनर्जी, बीजेएमसी, बीकॉम ऑनर्स व एनईपी, बीसीए, बीबीए, बीए एनईपी, बीएससी कृषि, बायोलॉजी व मैथ्स, डीफार्मा और बीएलएड शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र पर अंकित सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है।
सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश जारी
कुलानुशासक कार्यालय ने प्रवेश परीक्षा के दौरान सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्य कुलानुशासक प्रो. राकेश द्विवेदी ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षार्थी केवल निर्धारित प्रवेश द्वारों से ही परिसर में प्रवेश करेंगे। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी। परीक्षा अवधि में अनाधिकृत व्यक्तियों और वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अभिभावकों से भी परीक्षा के दौरान परिसर के बाहर रहने की अपील की गई है।
