UPTET 2026 :बरेली में फर्जी आधार से उम्र कम दिखाकर पेपर दे रहा अभ्यर्थी, फर्रुखाबाद का रहने वाला है आरोपी गिरफ्तार
- तलाशी में मिले दो आधार कार्ड, पुलिस को सौंपा
बरेली, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) के दूसरे दिन बरेली में फर्जी दस्तावेज के सहारे परीक्षा देने की कोशिश का मामला सामने आया। साहू राम स्वरूप महाविद्यालय में जांच के दौरान एक अभ्यर्थी दो अलग-अलग आधार कार्ड के साथ पकड़ा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
सरकारी नौकरी के लिए फर्जीवाड़ा
एडीएम सिटी अविनाश सिंह के मुताबिक पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम मनोज कुमार बताया। उसके पास से दूसरा आधार कार्ड आदेश कुमार के नाम से मिला। जांच में सामने आया कि उसने अपनी वास्तविक उम्र कम दिखाने के लिए दूसरा आधार कार्ड बनवाया था। आरोप है कि दूसरे आधार कार्ड में जन्मतिथि बदलकर कम उम्र दर्शाई गई थी, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं में पात्र बना रह सके।
उम्र कम दिखाने के लिए बदला आधार कार्ड
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि बदली हुई जन्मतिथि के आधार पर उसने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के शैक्षिक प्रमाणपत्र भी तैयार करा लिए थे। आरोपी फर्रुखाबाद का रहने वाला बताया जा रहा है। परीक्षा केंद्र पर दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान दोनों आधार कार्ड मिलने पर मामला खुल गया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर परीक्षा देने की कोशिश के मामले में केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है कि उसने दस्तावेजों का इस्तेमाल अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में तो नहीं किया।
ये भी पढ़ें :
पीलीभीत : कहीं एक फेस गायब तो कहीं लो वोल्टेज की मार, फीडर ट्रिपिंग से त्रस्त हुए लोग; कीचड़ ने बढ़ाई मुसीबत
