पीलीभीत : कहीं एक फेस गायब तो कहीं लो वोल्टेज की मार, फीडर ट्रिपिंग से त्रस्त हुए लोग; कीचड़ ने बढ़ाई मुसीबत

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दो दिन में 25 एमएम हुई बारिश: शारदा का जलस्तर बढ़ाबनबसा बैराज से छोड़ा पानी, गुरुवार को तेज बारिश के आसारपीबीटी: 119 - रामस्वरूप पार्क में फेस लाइन ठीक करते कर्मचारी । 

पीलीभीत, अमृत विचार: मानसून की दस्तक के बाद मंगलवार से शुरू हुई बारिश का सिलसिला बुधवार सुबह तक रुक-रुक कर जारी रहा। बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, लेकिन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव, निर्माणाधीन कार्यों के कारण फैली कीचड़ लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई। बरसात के चलते पहाड़ी क्षेत्रों से पानी आने और बनबसा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद शारदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। 

नदी में तेज बहाव के चलते निर्माणाधीन पक्के पुल के पास कार्यदायी संस्था की ओर से बनाया गया अस्थायी पुल दोनों ओर से कट गया। प्रशासन ने नदी किनारे आने-जाने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मंगलवार से मानसून ने दस्तक दी। पहले दिन 20 एमएम बारिश हुई थी। वहीं दूसरे दिन बुधवार को भी सुबह तक बारिश होती रही। दिनभर बादल छाए रहे। इससे गर्मी से निजात मिल सकी। 

मगर बारिश के कारण शहर और कस्बों में कई स्थानों पर कुछ समय के लिए जलभराव की स्थिति बनी रही। वहीं, नाला निर्माण और सड़क निर्माण कार्य के दौरान निकाली गई मिट्टी बारिश के बाद कीचड़ में तब्दील हो गई, जिससे पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पहाड़ी क्षेत्रों में भी बारिश होने से नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। अभी आगे भी बारिश के आसार हैं। कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि मंगलवार को जिले में 20 मिमी और बुधवार को पांच मिमी वर्षा दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि गुरुवार को भी जिले में तेज बारिश होने की संभावना है।

फीडर ट्रिपिंग, एक फेस गायब और लो वोल्टेज की शिकायतें सबसे ज्यादा

बारिश के साथ ही शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई। मंगलवार रात से बुधवार देर शाम तक शहर के विभिन्न इलाकों में बार-बार ट्रिपिंग, एक फेस गायब रहने, लो वोल्टेज और घंटों बिजली गुल रहने से लोग परेशान रहे। उपभोक्ताओं ने सोशल मीडिया और विभाग के शिकायत को बनाए ग्रुप में लगातार संदेश भेजकर नाराजगी जताई और स्थायी समाधान की मांग की। सबसे अधिक शिकायतें रामा कॉलेज रोड, अग्रवाल सभा क्षेत्र, लाल रोड, खैरुल्ला शाह, मोहल्ला खुशीमल, आसफ़जान, एकता नगर, काशीराम कॉलोनी, मुख्य बाजार , अवध नगर, राम विहार कॉलोनी, रामस्वरूप पार्क, आर्य समाज मंदिर, रंगीलाल चौराहा, नकटादाना क्षेत्र से सामने आईं।

कई उपभोक्ताओं ने बताया कि रातभर बिजली आती-जाती रही, जिससे इनवर्टर भी जवाब दे गए और लपरेशानी उठानी पड़ी। कुछ स्थानों पर पूरी रात बिजली नहीं आई, जबकि कहीं आधे मोहल्ले में आपूर्ति रही और आधे हिस्से में बिजली गायब रही। कई इलाकों में एक फेस गायब होने से घरेलू उपकरण नहीं चल सके। राम विहार कॉलोनी और लाल रोड क्षेत्र में लो वोल्टेज की भी शिकायतें रहीं। इस बीच विभाग की ओर से खकरा फीडर पर ट्रिपिंग आने की सूचना दी। फिलहाल उपभोक्ताओं ने स्थायी समाधान की मांग की है।

ये भी पढ़ें  : 
रामपुर-बदायूं के 26 केंद्रों पर यूपी टीईटी की परीक्षा आज, नकलविहीन परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज