Operation CyVajra: कानपुर में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा, फर्जी बैंक खातों से देशभर में करते थे ठगी; 4 गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Anuj Sharma
On

डीजीपी यूपी राजीव कृष्णा के अभियान के तहत पहली FIR, कॉर्पोरेट और फर्मों के खातों का दुरुपयोग कर साइबर अपराधियों तक पहुंचाते थे ठगी की रकम

Operation CyVajra के तहत कानपुर साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी बैंक खातों के जरिए देशभर में साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मोबाइल फोन, चेकबुक, पासबुक, एटीएम कार्ड और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।

cyber crime
सांकेतिक तस्वीर।

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश पुलिस के Operation CyVajra के तहत कानपुर कमिश्नरेट साइबर क्राइम पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। साइबर अपराधियों के लिए फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।  डीजीपी उत्तर प्रदेश राजीव कृष्णा के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में यह कानपुर साइबर क्राइम पुलिस की पहली बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से साइबर अपराध से जुड़े डिजिटल और वित्तीय साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

फर्जी बैंक खातों से देशभर में पहुंचती थी ठगी की रकम

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह कॉर्पोरेट संस्थानों और फर्मों के बैंक खातों का दुरुपयोग कर साइबर ठगी से हासिल रकम का ट्रांजैक्शन कराता था। आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में होने वाली ऑनलाइन ठगी की रकम को इधर-उधर किया जाता था।

छह मोबाइल, चेकबुक और एटीएम कार्ड बरामद

कानपुर साइबर क्राइम थाना और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाल से लेकर कार तक बरामद की है।पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन की जांच में बैंकिंग डिटेल, चेकबुक, पासवर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर गिरोह के नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

यह सामान किया बरामद

06 मोबाइल फोन
06 चेकबुक
04 पासबुक
04 एटीएम कार्ड
01 टैक्स इनवॉइस बुक
09 लेटरहेड
01 फर्म की मोहर
01 कार

आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज

साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितने फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल किया और देशभर में कितने साइबर अपराधों से इसके तार जुड़े हैं।

साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए ऑपरेशन CyVajra

उत्तर प्रदेश पुलिस ने साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए Operation CyVajra अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत साइबर अपराधियों, उनके सहयोगियों और ठगी की रकम के नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है। कानपुर साइबर पुलिस की इस कार्रवाई को इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज