Amroha News : आम के बाग की रखवाली के लिए लंगूर को जंजीर से बांधा, वन विभाग ने तीन लोगों पर दर्ज किया मुकदमा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अमरोहा के मंडी धनौरा में आम के बाग की रखवाली के लिए लंगूर को जंजीर से बांधने का मामला सामने आया। वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में आम के बाग की रखवाली के लिए एक संरक्षित वन्यजीव लंगूर को जंजीर से बांधकर रखने का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव दिसौरा में हुई इस घटना में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

वन विभाग के अनुसार, मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव दिसौरा स्थित एक आम के बाग में लंगूर को जंजीर से बांधकर रखा गया था। इसी दौरान किसी जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया। जंजीर से बंधा होने के कारण लंगूर अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग नहीं सका। घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर कानूनी कार्रवाई शुरू की।

वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी वन्यजीव को उसकी प्राकृतिक स्वतंत्रता से वंचित कर जंजीर से बांधना, कैद में रखना या उसके साथ क्रूरता करना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण कानून के तहत दंडनीय अपराध है। अधिकारियों ने बताया कि लंगूर एक संरक्षित वन्यजीव है, इसलिए उसे बागों की सुरक्षा के नाम पर बंधक बनाकर रखना पूरी तरह अवैध है।

वन क्षेत्राधिकारी अवनीश कुमार ने बताया कि मामले में दानिश, लईक (निवासी चुचैला कला) और जितेंद्र (निवासी ताजपुर, थाना मंडी धनौरा) के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

वन विभाग ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के किसी भी संरक्षित वन्यजीव को पालना, कैद में रखना या उसके साथ अमानवीय व्यवहार करना कानूनन अपराध है। विभाग ने आमजन से वन्यजीव संरक्षण में सहयोग करने और नियमों का पालन करने की अपील की।

संबंधित समाचार