Barabanki News : 4 जोन-9 सेक्टर में बंटेगा श्रीलोधेश्वर महादेव मेला, श्रद्धालुओं की सुरक्षा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता
बाराबंकी के श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में 25 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावण मेले की तैयारियों की डीएम ईशान प्रताप सिंह ने समीक्षा की। सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी निगरानी के सख्त निर्देश दिए गए।
बाराबंकी, अमृत विचार। श्रावण मास के दौरान श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर रामनगर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मेले को सम्पन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि 25 जुलाई से 23 अगस्त 2026 तक श्रावण मास के प्रमुख सोमवार 3, 10, 17 एवं 24 अगस्त 2026 को पड़ेंगे।
इसके अतिरिक्त 14 सितंबर को हरितालिका तीज पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र को 4 जोन एवं 9 सेक्टर में विभाजित कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जाएं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं एवं यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग को अस्थायी चिकित्सालय, चिकित्सकीय दल, पर्याप्त दवाएं एवं 05 एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अभरण एवं बोहनिया तालाब पर मजबूत बैरिकेडिंग, पीएसी फ्लड कंपनी मय बोट एवं सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। विद्युत एवं अग्निशमन विभाग को आपसी समन्वय के साथ मेला अवधि में सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि निर्माणाधीन श्री लोधेश्वर धाम कॉरिडोर क्षेत्र को मजबूत बैरिकेडिंग से सुरक्षित किया जाए ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रभावित न हो। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने असेनी बाईपास से मंदिर तक कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, साफ-सफाई एवं बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी पर जोर दिया। बैठक में एडीएम निरंकार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, उपजिलाधिकारी रामनगर आनंद कुमार तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
