TET परीक्षा में दूसरे की जगह पेपर दे रहा था सरकारी सहायक अध्यापक, पुलिस ने रंगे हाथ पकड़कर किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गोंडा, अमृत विचार: शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दूसरे दिन शुक्रवार को परीक्षा की दूसरी पाली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एक युवक दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने पहुंच गया। परीक्षा के दौरान जब उसके प्रवेश पत्र और अन्य अभिलेखों का मिलान किया गया तो इस जालसाजी का भांडाफोड़ हुआ। पकड़ा गया युवक सहायक अध्यापक बताया जा रहा है। हालांकि वह किस जिले में तैनात है इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले गई है और उससे पूछताछ कर रही है। 

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए जिले के 18 स्कूल परीक्षा केंद्र बनाए गये हैं। डुमरियाडीह स्थित राजेंद्र नाथ लाहिड़ी इंटर कॉलेज को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसी केंद्र पर परीक्षा की दूसरी पाली में हनुमान प्रसाद पुत्र राम नारायण नाम के परीक्षार्थी को परीक्षा देनी थी लेकिन उसके स्थान पर कबीर पुत्र रामनारायण परीक्षा देने पहुंच गया। 

प्रवेश से पहले केंद्र के बाहर सघन चेकिंग अभियान के दावे को तथा बताते हुए कबीर चकमा देकर परीक्षा केंद्र के भीतर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि उसने करीब 1 घंटे तक परीक्षा भी दी। इस दौरान जब परीक्षक ने जांच के दौरान उसके अभिलेख का मिलान किया तो हनुमान पुत्र रामनरायण के स्थान पर कबीर पुत्र राम नरायण परीक्षा देता पकड़ा गया। जलसाजी की सूचना पर केंद्र में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी जानकारी पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों ने केंद्र पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। परीक्षा देने देते पकड़ा गया आरोपी सहायक अध्यापक बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला कि आरोपी कबीर चौधरी बेसिक शिक्षा विभाग में वर्ष 2006 बैच के सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं।हालांकि वह किस जिले में तैनात है पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर सकी है। परीक्षा के नोडल अधिकारी तथा अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। 

डीआईओएस बोले- मुझे नहीं मिली रिपोर्ट

परीक्षा में पकड़े गए सहायक अध्यापक की जानकारी करने पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर रामचंद्र ने कहा कि वह कहां का रहने वाला है और किस जिले में तैनात है इसकी कोई जानकारी उनके पास उपलब्ध नहीं है। उन्हें अब तक कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। जब रिपोर्ट मिलेगी तो इस संबंध में जानकारी दे पाएंगे।

दो पालियों में 15142 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

शुक्रवार को जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में 15,142 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 890 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में 7,530 तथा द्वितीय पाली में 7,612 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा के दूसरे दिन कुल 16,032 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। डुमरियाडीह के मामले को छोड़कर अन्य सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण रही।

डीआईजी ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण

देवी पाटन परिक्षेत्र के डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को परीक्षा केंग्रों का निरीक्षण कर टीईटी परीक्षा का जायजा लिया। उन्होने बहराइच जिले के राजकीय पॉलिटेक्निक, बहराइच एवं राजकीय पॉलिटेक्निक मोहम्मदपुर का  निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

संबंधित समाचार