Shravasti floods: बारिश और नहर के पानी से अमरहवा गांव जलमग्न, कब्रिस्तान भी डूबा, ग्रामीणों ने बयां दिया दर्द

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

घुटनों से ऊपर पानी में आवाजाही को मजबूर ग्रामीण

मुख्य मार्ग से लेकर घरों तक पहुंचा पानी, जनाजे की नमाज की जगह भी जलमग्न; ग्रामीणों ने डीएम से की जलनिकासी की मांग

सिरसिया(श्रावस्ती), अमृत विचार: सिरसिया क्षेत्र के अमरहवा गांव में बारिश व राप्ती योजक नहर के पानी ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गांव का मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न होने के साथ ही पानी कई घरों तक पहुंच चुका है। सबसे गंभीर स्थिति कब्रिस्तान की है, जहां घुटनों से ऊपर तक पानी भरा है। 

विकास खंड सिरसिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमरहवा में इन दिनों बारिश और राप्ती योजक नहर के पानी से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लगातार हुई बारिश के बाद गांव के आसपास पानी जमा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इसके साथ ही राप्ती योजक नहर का पानी भी गांव की तरफ आने से जलभराव की स्थिति और गंभीर हो गई है। गांव के पास से गुजरने वाली राप्ती योजक नहर कब्रिस्तान के बगल से होकर निकली है। बारिश और नहर का पानी आसपास जमा होने के कारण कई लोगों के घरों तक पानी पहुंच चुका है। गांव से निकलने वाला मुख्य मार्ग भी पूरी तरह जलमग्न है। रास्ते पर घुटनों से ऊपर तक पानी भरा होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए ग्रामीणों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लगातार जमा है। बारिश का पानी और नहर का पानी दोनों एक साथ गांव में जमा होने से समस्या बढ़ती जा रही है। लोगों को घर से बाहर निकलने और मुख्य मार्ग तक पहुंचने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे बड़ी चिंता गांव के कब्रिस्तान को लेकर सामने आई है। ग्रामीणों के मुताबिक कब्रिस्तान में घुटनों से ऊपर तक पानी भरा हुआ है। जिस स्थान पर जनाजे की नमाज पढ़ी जाती थी, वहां भी घुटनों तक पानी जमा है। ऐसे में जनाजे की नमाज पढ़ने के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बची है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस दौरान गांव में किसी व्यक्ति की मौत हो जाती है तो पानी भरे होने के कारण कब्रिस्तान में कब्र खोदना मुश्किल होगा। वहीं जनाजे की नमाज पढ़ने के लिए भी जगह उपलब्ध नहीं है। ऐसी स्थिति में मजबूरी में शव को घर में ही रखना पड़ सकता है। इसको लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि नहर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर जलभराव की स्थिति की जांच करें और बारिश तथा नहर के पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था कराएं। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत भी की है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पानी की निकासी का उचित इंतजाम नहीं किया जाता, तब तक गांव में इसी तरह परेशानी बनी रहेगी। फिलहाल अमरहवा गांव में बारिश और नहर के पानी से जलभराव की स्थिति बनी हुई है और ग्रामीण जल्द समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।


यह भी पढ़ेंः नेपाल की त्रासदी को लेकर महराजगंज में बढ़ी टेंशन, नदियों का जलस्तर बढ़ा; प्रशासन अलर्ट

संबंधित समाचार